ग्रामीण पेयजल एवं स्वच्छता कार्यक्रम पर कार्यशाला आज से
रायपुर 07 सितम्बर 2010
ग्रामीण पेयजल एवं स्वच्छता कार्यक्रम पर दो दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन 8 सितम्बर से किया जा रहा है। दो दिवसीय इस कार्यशाला का आयोजन भारत शासन ग्रामीण पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा छत्तीसगढ़ के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के संयुक्त तत्वाधान में 08 एवं 09 सितम्बर 2010 को स्थानीय न्यू सर्किट हाऊस में किया गया है। कार्यशाला का शुभारंभ 08 सितम्बर को प्रात: 10.30 बजे होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण एवं स्कूल शिक्षा विभाग के मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मंत्री श्री केदार कश्यप करेंगे। कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन मंत्री श्री राजेश मूणत, संसदीय सचिव श्री महेश गागड़ा, भारत शासन ग्रामीण पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव श्री अरूण कुमार मिश्रा, छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव श्री पी.जॉय उम्मेन और जल प्रबंधन विशेषश्र श्री राजेन्द्र सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

