हैण्डपम्पों में फ्लोराईड की शिकायत
प्रभारी मंत्री के निर्देश पर पांच निलम्बित
रायपुर, 10 अक्टूबर 2010
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देश पर बस्तर विकासखंड के पांच सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ निलम्बन की कार्रवाई की गयी है। इनमें लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के तीन कर्मचारियों सहित स्वास्थ्य विभाग की दो महिला कर्मचारी शामिल हैं। विकासखंड के ग्राम बाकेल के कुछ हैण्डपम्पों में फ्लोराईड युक्त पानी मिलने और इस पानी के सेवन से अनेक ग्रामीणों और बच्चों में हड्डियों से संबंधित शारीरिक विकृति आने के मामले को गंभीरता से लेते हुए श्री कश्यप ने कल इस गांव का दौरा किया था और कलेक्टर को इसके लिए जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश पर बस्तर जिले के कलेक्टर ने आज लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के उप अभियंता श्री आर.एस. साहू सहित केमिस्ट श्री दिनेश रायकवार और हैण्डपम्प तकनीशियन श्री पी.आर. बघेल को निलम्बित कर दिया। इसके पहले इसी मामले में श्री कश्यप के निर्देश पर कलेक्टर द्वारा स्वास्थ्य विभाग की एक महिला पर्यवेक्षक और एक नर्स को भी निलम्बित किया जा चुका है, जबकि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के बस्तर में पदस्थ तत्कालीन सहायक यंत्री श्री डी.के. सिंघल और वर्तमान सहायक यंत्री श्री एम.के. ठाकुर की दो वेतन वृध्दियां असंचयी प्रभाव से रोक दी गयी है।

