नगरीय प्रशासन मंत्री ने देखी शहरी विकास की प्रगति
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के मण्डप का अवलोकन किया

नगरीय प्रशासन मंत्री श्री राजेश मूणत ने कल गुरूवार को राज्योत्सव में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा लगाये गये मंडप का अवलोकन कर नगरीय विकास की विभिन्न योजनाओं का जायजा लिया। इस मंडप में छत्तीसगढ़ में विगत एक दशक में हुए नगरीय विकास को दर्शाया गया है। श्री मूणत ने मंडप में नगरीय विकास की विभिन्न योजनाओं के आकर्षक प्रस्तुतिकरण की सराहना की।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के मंडप के बीचों-बीच राजधानी रायपुर के गौरव पथ का मॉडल प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही तेलीबांधा तालाब के सौंदर्यीकरण की प्रस्तावित योजना को भी मॉडल के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इस मंडप में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा मंडप में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत अर्जित उपलब्धियों को छायाचित्रों एवं चार्टो के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। इन योजनाओं में सरोवर धरोहर योजना, पुष्प वाटिका योजना, उन्मुक्त खेल मैदान योजना, गोकुल नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, सांस्कृतिक भवन, मुक्तिधाम, भागीरथी नल-जल योजना, महिला समृति बाजार हाट-बाजार योजना आदि प्रमुख हैं। इसके अलावा यहां विभिन्न जिला शहरी विकास अभिकरणों द्वारा भी स्टाल लगाये गये हैं, जिनमें विभिन्न महिला सामुदायिक सेवा समितियों को प्रदर्शित किया गया है। श्री मूणत ने विभिन्न महिला सामुदायिक सेवा समितियों द्वारा संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। इस अवसर पर आयुक्त नगरीय प्रशासन श्री संजय शुक्ला, रायपुर नगर निगम आयुक्त श्री ओम प्रकाश चौधरी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

