जशपुर जिले में 140 कुओं के निर्माण के लिए 1.82 करोड़ स्वीकृत
पेयजल के साथ भू-जल संवर्धन के उपाय
रायपुर 14 मार्च 2010
राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम के तहत राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में ग्रामीणों को पीने का साफ पानी उपलब्ध कराने और भू-जल स्तर बढ़ाने के लिए 140 कुओं का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा एक करोड़ 82 लाख रूपए मंजूर किए गए हैं। इस राशि से जिले के विकासखण्ड बगीचा, मनोरा और जशपुर में कुएं बनवाए जाएंगे। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री केदार कश्यप ने बताया कि ये कुएं ऐसे गांवों में बनेंगे, जहां हैण्डपंपों से लौह तत्व युक्त पानी निकलता है। इस समस्या को देखते हुए राष्ट्रीय पेयजल ग्रामीण कार्यक्रम के तहत 'सेनेटरी डगवेल' के रूप में इन कुओं का निर्माण कराया जाएगा। सेनेटरी डगवेल के रूप में एक कुंआ खोदकर उसके ऊपर चारों ओर दीवार बनायी जाती है, ताकि बहार का अशुध्द पानी कुएं के भीतर न जा पावे। कुएं में जमीन के उथले भाग से पानी भरने के कारण वह शुध्द और पीने योग्य रहता है। इससे भू-जल स्तर भी बढ़ता है।
क्रमांक-4387/सी.एल

