राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक : पेयजल, निस्तारी सुविधा और शौचालय निर्माण की समीक्षा
रायपुर 7 मई 2011

राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन की कार्यकारिणी की बैठक आज शाम यहां आयोजित की गई। बैठक मेें वर्तमान गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक पेयजल और निस्तारी के लिए पानी की व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के विभिन्न उपायों की विशेष रूप से समीक्षा की गयी। सम्पूर्ण स्वच्छता अभियान के तहत गांवों में शासकीय अनुदान पर बनवाए जा रहे परिवारिक शौचालयों तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों और स्कूल परिसरों में निर्माणाधीन पक्के शौचालयों के निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गयी। इसके अलावा समिति की पूर्व बैठक की कार्यवाही विवरण का अनुमोदन किया गया और सम्पूर्ण स्वच्छता अभियान की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की गई। अभियान के तहत बन रहे शौचालयों के निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान रखने की जरूरत पर भी बल दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव श्री आर.एस.विश्वकर्मा ने की। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख अभियंता श्री एम.ए.खान, संयुक्त सचिव श्री डी.डी. सिंह, संचालक पंचायत एवं समाज से श्री आलोक अवस्थी, संचार एवं क्षमता विकास इकाई (सी.सी.डी.यू.) की संचालक श्रीमती यास्मीन सिंह सहित जनसम्पर्क विभाग, स्वास्थ्य विभाग और यूनिसेफ के प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में सम्पूर्ण स्वच्छता अभियान का प्रशासकीय हस्तांतरण लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को किए जाने बारे में विभिन्न प्रक्रियाओं पर भी विचार किया गया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में विगत 15 सितम्बर 2010 को आयोजित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की बैठक में केन्द्र प्रवर्तित योजना के तहत यह अभियान पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को आवंटित किए जाने का निर्णय लिया जा चुका है। इस निर्णय के परिपालन में अभियान के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के स्थान पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को नोडल विभाग भी घोषित किया जा चुका है।

