छत्तीसगढ़ में मादक द्रव्यों का फैलाव रोकने सख्त निर्देश
रायपुर 03 नवम्बर 2010
छत्तीसगढ़ में मादक द्रव्यों का फैलाव रोकने और युवा वर्ग को इसकी लत से बचाने के लिए कल यहां मंत्रालय में गृह विभाग के प्रमुख सचिव श्री एन.के. असवाल की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। श्री असवाल ने प्रदेश में मादक द्रव्यों (नारकोटिक ड्रग्स) के अनाधिकृत व्यवसाय पर नियंत्रण रखने और इसके अवैध करोबार में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि गांजा, अफीम जैसे मादक पदार्थों की तस्करी रोकने अंतर्राज्यीय परिवहन चेक पोस्ट में कड़ी निगरानी रखी जाए। बैठक में तय किया गया कि राज्य शासन और केन्द्र शासन के संबंधित विभाग के अधिकारी आपस में समन्वय बनाकर अनाधिकृत व्यवसायियों पर प्रभावी नियंत्रण के कार्य करेंगे। प्रदेश में मादक द्रव्यों का फैलाव रोकने और युवा वर्ग को इसके गिरफ्त से बचाने जिला स्तर पर टास्कफोर्स का गठन करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सचिव गृह श्री ए.एन. उपाध्याय, महानिरीक्षक सी.आई.डी. श्री राजकुमार देवांगन सहित समाज कल्याण, स्वास्थ्य, आबकारी और अन्य संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

