सतर्कता मूल्यांकन समिति की बैठक सम्पन्न : सहकारिता मंत्री और केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री ने की समीक्षा
रायपुर, 16 नवम्बर 2011
छत्तीसगढ़ के गृह, जेल और सहकारिता मंत्री श्री ननकीराम कंवर और केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री और सांसद श्री चरणदास महंत ने आज कोरबा में आयोजित जिला स्तरीय सतर्कता एवं मूल्यांकन समिति की बैठक में कृषि, वन, ग्रामीण विकास और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, स्वर्ण जयंती ग्राम स्वरोजगार योजना, इंदिरा आवास योजना, जल ग्रहण क्षेत्र विकास, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, भू-अभिलेखों के कम्प्यूटरीकरण, सम्पूर्ण स्वच्छता कार्यक्रम और सामाजिक सहायता कार्यक्रम से संबंधित कार्यो की प्रगति की भी समीक्षा की गयी। वन विभाग को जंगली हाथियों पर नियंत्रण के लिए जरूरी उपाय करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विधायक द्वय सर्वश्री बोधराम कंवर और जयसिंह अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शकुन्तला कंवर, कलेक्टर कोरबा श्री आर.पी.एस. त्यागी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

