महिला बंदी की मृत्यु के मामले की दण्डाधिकारी जांच का आदेश
रायपुर 25 मई 2010
राज्य सरकार ने एक महिला बंदी श्रीमती उर्मिला बाई पति श्री प्रावसाय गोंड़ की इस महीने की 14 तारीख को यहां डॉ. भीमराव अम्बेडकर अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मृत्यु के मामले की दण्डाधिकारी जांच का आदेश दिया है। ज्ञातव्य है कि छत्तीस वर्षीय श्रीमती उर्मिला बाई सरगुजा जिले के सूरजपुर थाना क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम सोनपुर की निवासी थीं। यहां अम्बेडकर अस्पताल में 14 मई को अपरान्ह लगभग तीन बजे उनका निधन हो गया। राज्य सरकार के निर्देश पर इस मामले की दण्डाधिकारी जांच के लिए रायपुर (नगर) की अनुविभागीय दण्डाधिकारी श्रीमती जयश्री जैन जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच अधिकारी ने कहा है कि महिला बंदी श्रीमती उर्मिला बाई की मृत्यु के संबंध में जानकारी या लिखित सूचना देने के इच्छुक व्यक्ति कलेक्टोरेट रायपुर स्थित उनके कार्यालय के कक्ष क्रमांक-21 में कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर जानकारी या लिखित सूचना दे सकते हैं।

