डॉ. खूबचंद बघेल ट्रांसपोर्ट नगर योजना : तीन माह में निर्माण कार्य शुरू नहीं करने पर भूखंड आवंटन निरस्त किए जाएंगे
रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष, उपाध्यक्षों और मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने ट्रांसपोर्ट नगर का निरीक्षण किया
रायपुर, 3 जून 2011
रायपुर शहर में यातायात का दबाव कम करने और शहर की सड़कों पर बेतरतीब ढंग से खड़ी ट्रकों की व्यवस्थित पार्किंग के लिए रायपुर विकास प्राधिकरण द्वारा रावांभाठा में निर्मित ट्रांसपोर्ट नगर अगले महीने से सुव्यवस्थित रूप में कार्य करने लगेगा। प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री सुनील सोनी, उपाध्यक्षद्वय श्री रतन डागा एवं श्री प्रफुल्ल विश्वकर्मा और मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अशोक अग्रवाल ने आज ट्रांसपोर्ट नगर का निरीक्षण किया और प्राधिकरण के अधिकारियों को अगले एक माह में यहां समस्त बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यहां आवंटित भूखंडों पर अगले तीन माह के भीतर निर्माण कार्य शुरू नहीं करने पर भूखंड आवंटन निरस्त करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर में हुए अवैध कब्जों को एक महीने के भीतर हटाना सुनिश्चित किया जाए।
उल्लेखनीय है कि विगत दिनों आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री राजेश मूणत ने रायपुर विकास प्राधिकरण की योजनाओं की समीक्षा करते हुए डॉ. खूबचंद बघेल ट्रांसपोर्ट नगर में जल्द ही आवश्यक व्यवस्थाएं करते हुए यहां ट्रकों की पार्किंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिये थे। उसी तारतम्य में आज प्राधिकरण के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष द्वय और मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने ट्रांसपोर्ट नगर में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि प्राधिकरण द्वारा रावांभाठा में 98 एकड़ भूमि पर ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण किया गया है। ट्रांसपोर्ट नगर में लगभग एक हजार भूखंड परिवहन तथा उससे संबंधित व्यवसायियों को आवंटित किए गए है। छह सौ से ज्यादा भूखंड धारकों द्वारा अपने भूखंड पर आवश्यक निर्माण करवाया गया है, जबकि 381 भूखंड धारकों द्वारा अब तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं करवाया गया है। श्री सोनी ने अधिकारियों से कहा कि ऐसे समस्त भूखंड धारकों को नोटिस जारी कर तीन माह के भीतर निर्माण कार्य शुरू करने को कहा जाए और यदि निर्धारित समय सीमा में उनके द्वारा निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया जाता है तो उनके भूखंड आवंटन निरस्त कर दिए जाएं। उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर में हो रहे अतिक्रमण पर भी नाराजगी जताते हुए समस्त अवैध कब्जों को एक माह के भीतर हटाने के निर्देश दिए।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर में कांक्रीटी सड़कों और पार्किंग स्थल सहित चार सुलभ शौचालयों और ड्राइवरों के ठहरने के लिए पांच शेड़ों का निर्माण किया जा चुका है। इसके साथ ही व्यावसायिक परिसर में 123 दुकानों और 24 हॉल भी बनाये जा चुके हैं। व्यवसायियों को पेयजल एवं विद्युत सुविधा भी उपलब्ध कराई जा चुकी है। यहां तीन ढाबों के निर्माण के लिए भी स्थान आरक्षित किया गया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अग्रवाल ने प्राधिकरण के द्वारा इन ढाबों का निर्माण कर इच्छुक व्यवसायियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्राधिकरण के पदाधिकारियों और मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने प्राधिकरण द्वारा डॉ. श्यामप्रसाद मुखर्जी आवास योजना के तहत बोरिया खुर्द में गरीबों के लिए बनाए गए मकानों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कमल विहार योजना क्षेत्र का दौरा कर योजना की तैयारियों का भी जायजा लिया। इस अवसर पर रायपुर विकास प्राधिकरण के अधीक्षक अभियंता श्री डी.एस. परोहा सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

