नया रायपुर में कैपिटल काम्पलेक्स का निर्माण 31 अक्टूबर तक पूर्ण करने के निर्देश
आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री मूणत ने किया निरीक्षण
निर्माण कार्यो की प्रगति की समीक्षा की
रायपुर, 06 अप्रैल 2011

आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री राजेश मूणत ने आज यहां निर्माणाधीन नया रायपुर उप-नगर में कैपिटल काम्पलेक्स सहित अन्य निर्माण गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां निर्माणाधीन मंत्रालय भवन और विभागाध्यक्ष भवन का निर्माण आगामी 31 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।
श्री मूणत ने कहा कि राज्य सरकार ने नये मंत्रालय भवन का शुभारंभ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर एक नवम्बर को करने का निर्णय लिया है अत: कैपिटल काम्पलेक्स का निर्माण हर हाल में नियत समय-सीमा में पूरा हो जाना चाहिए। श्री मूणत ने निरीक्षण के बाद यहां आकर सिविल लाईन स्थित नवीन विश्राम भवन में नया रायपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों, निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधियों तथा तकनीकी सलाहकारों की बैठक ली। उन्होंने बैठक में नया रायपुर में चल रही विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर मुख्य सचिव एवं नया रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री पी. जॉय उम्मेन भी उपस्थित थे।
समीक्षा बैठक में श्री मूणत ने कहा कि मंत्रालय भवन का सिविल वर्क हर हाल में 31 अगस्त तक पूरा कर लिया जाना चाहिए, ताकि आन्तरिक साज-सज्जा का कार्य 31 अक्टूबर तक पूरा किया जा सके। उन्होंने कैपिटल काम्पलेक्स में निर्माणाधीन सड़कों, सीवरेज, बाउण्ड्रीवाल और विद्युतीकरण कार्यो को भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने नया रायपुर में निर्माणाधीन चार लेन और छह लेन सड़कों को 30 जून तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
श्री मूणत ने मासिक कार्य योजना बनाकर चरणबध्द रूप में इन कार्यो को पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यो को बेहतर तरीके से संपादित करने के लिए निर्माण एजेंसी, तकनीकी सलाहकार तथा प्राधिकरण के अधिकारियों के बीच आपसी समन्वय होना चाहिए। श्री मूणत ने कहा कि अब से वे प्रतिमाह नया रायपुर की प्रगति की समीक्षा करेंगे। उन्होंने प्राधिकरण के अधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण कार्यो की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। श्री मूणत ने निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधियों से कहा कि यदि वे निर्माण कार्यो को निर्धारित समय-सीमा से पहले पूरा करेंगे तो उन्हें राज्य सरकार की ओर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी और यदि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण नहीं होंगे तो उनसे जुर्माना वसूल किया जाएगा। बैठक में नया रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एस.एस. बजाज सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

