नव-नियुक्त श्रम निरीक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण
प्रमुख सचिव श्री ढांड ने विभागीय अधिकारियों को दिए निर्देश
रायपुर, 07 जुलाई 2010
छत्तीसगढ़ में नियुक्त किए गए नये श्रम निरीक्षकों को आगामी 12 जुलाई से विभागीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस संबंध में आज यहां आयोजित समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव श्री विवेक ढांड ने अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। नये श्रम निरीक्षकों का यह प्रशिक्षण श्रमायुक्त कार्यालय रायपुर में आयोजित होगा। यह प्रशिक्षण 14 जुलाई तक चलेगा। इस प्रशिक्षण में विभागीय अधिकारियों द्वारा नव-नियुक्त श्रम निरीक्षकों को देश एवं प्रदेश में लागू विभिन्न श्रम कानूनों और उनके प्रावधानों के विषय में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। उन्हें इन कानूनों का श्रमिक हित में अधिक से अधिक उपयोग करने के तरीके भी बताए जाएंगे। नव-नियुक्त श्रम निरीक्षकों को विभागीय गतिविधियों और राज्य शासन द्वारा संचालित की जा रही श्रमिक कल्याण की योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि हाल ही में राज्य सरकार द्वारा श्रम विभाग में विभागीय पदोन्नति द्वारा छत्तीसगढ़ अधोसंरचना विकास निगम से प्रतिनियुक्ति पर लगभग तीस श्रम निरीक्षकों की नियुक्ति की गयी है।

