गरीबी रेखा से ऊपर के श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना
सत्रह सौ पंजीकृत श्रमिकों को मिला स्मार्ट कार्ड
रायपुर, 10 अप्रैल 2010
गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले लोगों को राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत स्मार्ट कार्ड जारी किए जा रहे है। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की विशेष पहल पर छत्तीसगढ़ में भवन निर्माण कार्यो में संलग्न गरीबी रेखा के ऊपर (ए.पी.एल.) के श्रमिकों को भी राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत लाभान्वित किया जा रहा है। राज्य शासन के श्रम विभाग के अंतर्गत गठित भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा गरीबी रेखा से उपर के श्रमिकों और उनके परिवार को प्रतिवर्ष तीस हजार रूपए तक की चिकित्सा मुहैया कराने राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस योजना के प्रथम चरण में बिलासपुर, राजनांदगांव, दुर्ग और सरगुजा जिले के एक हजार 701 पंजीकृत श्रमिकों को स्मार्ट कार्ड जारी किया गया है।
श्रम मंत्री श्री चन्द्रशेखर साहू ने आज यहां बताया कि इस योजना के तहत प्रदेश में भवन निर्माण और उससे जुड़ी 42 विभिन्न गतिविधियों में कार्यरत श्रमिकों को जो गरीबी रेखा की श्रेणी से उपर है, लाभान्वित किया जा रहा है। मंडल द्वारा इन श्रमिकों को परिवार के मुखिया, उसकी पत्नी और तीन बच्चों को प्रति वर्ष तीस हजार रूपए तक की चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने स्मार्ट कार्ड प्रदान किए जा रहे है। इसमें होने वाले सम्पूर्ण व्यय का वहन छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए प्रदेश के निर्माण श्रमिकों का मण्डल में पंजीयन होना आवश्यक है साथ ही वह श्रमिक गरीबी रेखा श्रेणी के नीचे का कार्डधारी न हो। श्री साहू ने बताया कि प्रदेश में गरीबी रेखा के नीचे (बी.पी.एल.) लोगों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ दिलाने स्वास्थ्य विभाग को नोडल बनाया गया है। इसी तरह गरीबी रेखा के उपर (ए.पी.एल.) श्रमिकों के लिए भवन और अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल द्वारा इस योजना का संचालन किया जा रहा है। योजना के संबंध में अधिक जानकारी के लिए श्रम विभाग के कार्यालयों अथवा राजधानी रायपुर के रविनगर पंडरी स्थित मण्डल के कार्यालय तथा दूरभाष नंबर 0771-2420032 पर संपर्क किया जा सकता है।

