प्रदेश में असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मण्डल का गठन
चाय, चाट, हाथ ठेला, रिक्शा चालक, खेतिहर मजदूर और कचरा बीनने वालों सहित प्रदेश के करीब 20 लाख मजदूरों को मिलेगा फायदा
रायपुर, 07 जनवरी 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की घोषणा के अनुरूप प्रदेश के असंगठित क्षेत्र के मेहनतकश मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए छत्तीसगढ़ में पहली बार असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मण्डल का गठन किया गया है। प्रदेश के श्रम मंत्री इसके पदेन अध्यक्ष होंगे। इस संबंध में राज्य शासन के श्रम विभाग द्वारा यहां मंत्रालय से विगत 4 जनवरी को अधिसूचना जारी कर दी गई है।
श्रम मंत्री श्री चन्द्रशेखर साहू ने आज यहां बताया कि प्रदेश में असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मण्डल के गठन से दस से कम मजदूर वाले क्षेत्र जैसे चाय, चाट ठेला, हाथ ठेला, रिक्शा चालक, खेतिहर मजदूर और कचरा बीनने वालों सहित प्रदेश के करीब 20 लाख से अधिक मजदूरों के हितों की रक्षा के साथ ही उनके आर्थिक-सामाजिक कल्याण की दिशा में विशेष कार्य किए जाएंगे। इस मण्डल के पदेन सदस्य सचिव श्रम विभाग के प्रमुख सचिव या सचिव होंगे। तीस सदस्यीय इस मण्डल में राज्य विधान सभा के दो सदस्य प्रतिनिधियों में श्री डमरूधर पुजारी विधायक विन्द्रानवागढ़ और श्रीमती रजनी त्रिपाठी विधायक भटगांव सरगुजा को मनोनीत किया गया है। मण्डल में राज्य के विभिन्न शासकीय विभागों के सात प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है जिसमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग, वित्त विभाग, स्वास्थ्य विभाग और उद्योग विभाग के सचिवों सहित महाप्रबंधक जीवन बीमा निगम क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर और श्रमायुक्त छत्तीसगढ़ को शामिल किया गया है। असंगठित श्रमिकों के सात प्रतिनिधियों में सर्वश्री ईश्वर सिंग चंदेल अध्यक्ष हम्माल मजदूर महासंघ बिलासपुर, अशोक सिंह विश्रामपुर जिला सरगुजा, मुक्तिकुमार दास रिक्शा चालक संघ फाफाडीड रायपुर, श्रीमती दुकलहीन बाई साहू रेजा प्रतिनिधि गोबरा नयापारा रायपुर, देवेन्द्र कौशिक दुर्ग, कृपाराम साहू खदान मजदूर प्रतिनिधि तोरला रायपुर और ठेला चालक प्रतिनिधि को शामिल किया गया है।
मण्डल में असंगठित श्रमिकों के नियोजकों के सात प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है जिसमें सर्वश्री श्रीचंद सुंदरानी चेम्बर ऑफ कामर्स रायपुर, सुनील बरमेचा व्यवसायी दुर्ग, सरदार मनमोहन सिंग चावला रायपुर, शंकर अग्रवाल मुण्डरा बाड़ी रायपुर, भीमसेन दुबे सरिया रायगढ़, राजेश पटेल हड़गांव दुर्ग, संतोष कटारिया केशकाल शामिल है। सिविल सोसाईटी के पांच प्रतिनिधियों में सर्वश्री प्रदीप शर्मा कृषि विशेषज्ञ सेवा रतनपुर, राधेश्याम देवांगन सरस्वती शिक्षा संस्थान रोहणीपुरम बिलासपुर, अनिल चन्द्राकर अकाल मुक्ति केन्द्र ग्रामीण संवाददाता गरियाबंद, श्री अनल प्रकाश शुक्ला जागृति संस्थान पत्रकार रायपुर और श्री जौहरीलाल शर्मा भारतीय मजदूर संघ रायपुर को मण्डल के सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है।
श्रम विभाग के प्रमुख सचिव श्री विवेक ढॉड ने बताया कि असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मण्डल के गठन से दस से कम श्रमिक वाले असंगठित क्षेत्र के प्रदेश के करीब बीस लाख मजदूरों को फायदा मिलेगा। इसमें चाय, चाट ठेला, रिक्शा चालक, लोहार, नाई, धोबी, दर्जी, बढ़ई, कुम्हार, माली, मोची, घरेलु कामगार, कचरा बीनने वाले, बुनकर, बंसोंड़, हाथ ठेला चलाने वाले, फुटकर सब्जी व फल-फूल विक्रेता, फुटपाथ व्यापारी, फेरी लगाने वाले, ईंटभट्ठा मजदूर, अगरबत्ती, मोमबत्ती बनाने वाले, मोटर सायकल और सायकल मरम्मत करने वाले, गैरेज मजदूर, आटो चालक, मुर्रा, चना फोड़ने वाले, दुकानों में काम करने वाले मजदूर, खेतीहर मजदूर और वनोपज संग्रहण जैसे छोटे व्यवसायों में लगे मजदूरों को लाभ मिलेगा। मण्डल इन मजदूरों के आर्थिक-सामाजिक कल्याण के लिए योजनाओं के निर्माण, पंजीयन और योजनाओं का भलीभांति क्रियान्वयन की दिशा में कार्य करेगा।

