अवैध उत्खनन और परिवहन पर होगी कड़ी कार्रवाई
दुर्ग जिले में 334 प्रकरणों में 24.97 लाख रुपए का जुर्माना
रायपुर 19 मई 2011
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रदेश में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन को रोकने लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। दुर्ग जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। यहां वित्तीय वर्ष 2010-11 में रेत, मुरूम, गिट्टी तथा खनिज सम्पदा के अवैध उत्खनन और परिवहन के 334 प्रकरणों में 24 लाख 97 हजार रुपए के जुर्माने की वसूली की गई है। इसमें अवैध परिवहन के 316 प्रकरणों में 21 लाख 69 हजार रुपए तथा अवैध उत्खनन के 18 प्रकरणों में तीन लाख 28 हजार रुपए का जुर्माना वसूल किया गया । अवैध उत्खनन और परिवहन की रोकथाम के लिए एक संयुक्त टीम का गठन किया गया है जिसमें सहायक खनि अधिकारी, राजस्व निरीक्षक और पटवारी शामिल हैं। यह टीम अवैध उत्खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ नियमित रुप से सघन जांच कर उनके खिलाफ प्रकरण तैयार करेगी। अधिकारियों ने यहां बताया कि जिले को वर्ष 2010-11 में 234 करोड़ 16 लाख रुपए का खनिज राजस्व वसूली का लक्ष्य दिया गया था जिसमें शत प्रतिशत से अधिक 273 करोड़ 99 लाख रुपए की वसूली खनिज विभाग द्वारा की गई है।

