औद्योगिक संस्थानों ने जांजगीर के 38 गांवों के समग्र विकास का लिया जिम्मा
नौ तालाबों का भी होगा गहरीकरण और सौंदर्यीकरण
रायपुर 02 जून 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की पहल पर जांजगीर-चांपा जिले में स्थापित विभिन्न औद्योगिक संस्थानों ने जिले के 38 गांवों में समग्र विकास का जिम्मा लिया है। स्थानीय जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीणों से उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली गई है, जिसके अनुसार इन संस्थानों द्वारा गांवों में सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इनमें से अनेक संस्थानों ने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है। कुछ संस्थानों ने जिले के नगरों के सौंदर्यीकरण की भी जिम्मेदारी ली है। औद्योगिक संस्थानों द्वारा जिले में नौ तालाबों के गहरीकरण और सौंदर्यीकरण के कार्य भी कराए जाएंगे।
जांजगीर-चांपा जिले में स्थापित सी.एस.पी.जी.सी.एल. द्वारा छह गांवों, कर्नाटक पावर प्लांट द्वारा तीनं, प्रकाश इंडस्ट्रीज द्वारा पांच, अथेना पावर प्लांट द्वारा चार, डी.बी. पावर प्लांट द्वारा एक, एस.के. महानदी पावर प्लांट द्वारा तीन, सोना पावर प्लांट द्वारा पांच, आरसमेटा पावर प्लांट द्वारा चार, आर.के.एम. पावर प्लांट द्वारा चार, सी.एस.पी.एल. द्वारा दो, आधुनिक पावर प्लांट द्वारा एक तथा श्याम एम्पों द्वारा चार गांवों में ग्रामीणों की मांग के अनुरूप विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षण संस्थानों में बाऊड्रीवाल निर्माण आदि प्रमुख है। औद्योगिक संस्थान सी.एस.पी.जी.सी.एल. द्वारा ग्राम महुआडीह में पाइप लाइन विस्तार, कंकालिन मंदिर में शेड निर्माण, ग्राम तेंदुभाठा में सड़क निर्माण, खेल मैदान निर्माण, ग्राम मड़वा में रामसागर तालाब का सौदर्यीकरण, ग्राम बसंतपुर में नहरनाली निर्माण, मंगल भवन निर्माण, प्रतीक्षालय निर्माण, दाऊसागर तालाब में पचरी निर्माण तथा सीसी रोड निर्माण, ग्राम सरखों में सी.सी. रोड निर्माण, रंगमंच निर्माण, ग्राम कुदरा में प्रकाश व्यवस्था, मंगल भवन एवं सीसी रोड निर्माण, ग्राम कन्हाईबंद में उपस्वास्थ्य केन्द्र निर्माण, मुक्तिधाम अहाता निर्माण और सीमेंट कांक्रीट सड़क का निर्माण किया जायेगा। इसी तरह कर्नाटक पावर प्लांट द्वारा ग्राम कुकदा, गोधना एवं सलखन की सभी गलियों में सीसी रोड एवं बगल में पक्की नाली निर्माण किया जायेगा। प्रकाश इंडस्ट्रीज द्वारा ग्राम हथनेवरा, कोटाडबरी, चरणनगर, घठोली एवं पीथमपुर के सभी स्कूलो में अहाता निर्माण, पानी व्यवस्था के साथ शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। तथा विद्युत व्यवस्था,सामुदायिक भवन, धर्मशाला और सीमेंट कांक्रीट सड़कों का निर्माण कराया जाएगा।
अथेना पावर प्लांट द्वारा ग्राम निमोही, ओड़ेकेरा, सिंघीतराई एवं बेनीपाली की सभी गलियाें में सी.सी. रोड निर्माण, ग्राम निमोही में प्राथमिक स्कूल में मैदान समतलीकरण का कार्य कराया जायेगा। डी.बी. पावर प्लांट द्वारा ग्राम टुण्ड्री् में उपस्वास्थ्य केन्द्र निर्माण, पहाड़ी पर स्थित मंदिर तक पक्की सीढ़ी निर्माण कार्य, मुक्तिधाम निर्माण कराया जायेगा। इसी प्रकार एस. के. महानदी पावर प्लांट द्वारा ग्राम नरियरा तरौद, रोगदा अमोरा एवं नवापारा में विकास कार्य कराया जायेगा। एस.के. पावर प्लांट द्वारा ग्राम नरियरा हॉस्टल में बाऊण्ड्रीवाल और सी.सी. रोड का निर्माण कराया जायेगा। सोना पावर प्लांट द्वारा ग्राम सलखन, घाटा, मुड़पार, खिसोरा एवं कचंदा के सभी स्कूलों में बाऊण्ड्रीवाल, पानी व्यवस्था सहित शौचालय निर्माण एवं विद्युत व्यवस्था कराने तथा स्कूलो में खेलकूद सामग्री उपलब्ध कराया जायेगा। आरसमेटा पावर प्लांट द्वारा ग्राम अमोरा, परसदा, आरसमेटा एवं सोनसरा की सभी गलियों में सीसी रोड निर्माण, मुक्तिधाम और निर्मलाघाट का निर्माण कराया जायेगा। आर.के.एम. पावर प्लांट द्वारा ग्राम उच्चपिण्डा, वाँधापाली, केकराभाठ, धोबनीपाली, घिवरा में तथा सी.एस.पी.एल द्वारा ग्राम अमझर, उच्चभिट्ठी एवं महुदा में, इण्ड भारत द्वारा ग्राम सेरो एवं बोड़ासागर में सीसी. रोड निर्माण और पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। आधुनिक पावर प्लांट द्वारा ग्राम सकरेली में खेल मैदान निर्माण, श्याम एम्पो द्वारा ग्राम नवागाँव, सोनियापाट, रिस्दा, परसापानी की सभी गलियों में सीसी रोड निर्माण कराया जायेगा। लाफार्ज एवं मध्यभारत पेपर मिल द्वारा भी ग्रामीणों की मांग के अनुसार विकास कार्य कराए जाएंगे।
इसके अलावा औद्योगिक संस्थानों द्वारा जिले के विभिन्न नगरों के सौंदर्यीकरण और जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्य में भी सहयोग प्रदान किया जायेगा। इनमें गणेश बंद तालाब, झलमला एवं बनाहील में तालाब गहरीकरण् एवं सौदर्यीकरण, नगर पालिका अकलतरा में स्थित गोपियां तालाब बाराद्वार के काई तालाब, अड़भार में दर्शना तालाब,घाघरा तालाब, नवागढ़ में राछाभांठा तालाब, चांपा स्थित ऐतिहासिक रामबांधा तालाब के गहरीकरण ओर सौंदर्यीकरण के कार्य कराए जाएंगे। इस कार्य में विभिन्न संस्थानों द्वारा लगभग एक हजार टे्रक्टर मिट्टी, आठ सौ टे्रक्टर रेत की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए लार्फाज सीमेण्ट द्वारा सीमेंट उपलब्ध कराया जाएगा।

