विमान तल मार्ग के समानांतर नयी सड़क बनेगी : मुख्यमंत्री ने दी सैध्दांतिक सहमति
रायपुर, 17 जून 2011
यातायात के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए राजधानी रायपुर में वर्तमान माना विमान तल मार्ग (व्ही.आई.पी. रोड) के समानांतर दो लेन की एक नयी सड़क बनेगी। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज यहां
अपने निवास पर आयोजित बैठक में इस प्रस्ताव को सैध्दांतिक मंजूरी प्रदान कर दी।
लोक निर्माण मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल, नगरीय प्रशासन मंत्री श्री राजेश मूणत, वित्त विभाग के प्रमुख सचिव श्री अजय सिंह, प्रमुख सचिव लोक निमा्रण श्री एम.के.राउत, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अमन कुमार सिंह, नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव श्री आर.पी.मंडल, छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण कम्पनी के प्रबंध संचालक श्री सुबोध कुमार सिंह, नया रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एस.एस. बजाज और अन्य सभी संबंधित अधिकारी बैठक में मौजूद थे।
अधिकारियों ने बैठक में बताया कि यहां रायपुर-महासमुन्द मार्ग पर रानी दुर्गावती तिराहे से माना विमान तल तक नयी बनने वाली सड़क 7.8 किलो मीटर लंबी और 7 मीटर चौड़ी होगी। मुख्यमंत्री नें कहा कि वर्तमान व्ही.आई.पी. रोड के जिस तरफ ज्यादा संकरी जमीन है, उस तरफ दो लेन सड़क बनायी जानी चाहिए। इससे वहां निजी जमीन का अधिग्रहण कम से कम होगा और सड़क निर्माण की लागत में कमी आएगी। मुख्यमंत्री ने इस सड़क के निर्माण के लिए नियमानुसार सभी जरूरी औपचारिकताएं जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि बरसात के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जा सके।

