छत्तीसगढ़ की चॉईस और ई-प्रोक्योरमेंट परियोजना ई-वर्ल्ड फोरम अवार्ड 2011 के लिए नामांकित
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने दी बधाई
ऑन-लाईन वोटिंग से होगा पुरस्कार का चयन ऑनलाईन वोटिंग 15 जुलाई तक
रायपुर 27 जून 2011
छत्तीसगढ़ की सूचना प्रौद्योगिकी की दो परियोजनाएं 'चॉईस और ई-प्रोक्योरमेंट' विश्वस्तरीय पुरस्कार ''ई वर्ल्ड फोरम अवार्ड-2011'' के लिए नामांकित हुआ है। इन परियोजनाओं का चयन एशिया महाद्वीप क्षेत्र के लिए पब्लिक चॉईस अवार्ड श्रेणी में हुआ है। यह पुरस्कार एक से तीन अगस्त 2011 तक नई दिल्ली में ई-वर्ल्ड फोरम संस्था द्वारा आयोजित कार्यक्रम में दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इसके लिए चिप्स के अधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी है। उन्होंने इस पुरस्कार के लिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में ऑन लाईन वोटिंग करने की अपील नागरिकों से की है।
सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव श्री अमन सिंह ने आज यहां बताया कि चॉईस परियोजना को श्रेष्ठ ई-गवर्नेंस पोर्टल श्रेणी के लिए नामांकित किया गया है, जहाँ उसका मुकाबला इजिप्ट के मोनोफेया पोर्टल, एम.पी. ऑनलाईन, सुगम राजस्थान तथा भारत सरकार के पोर्टल से है। राज्य की ई-प्रोक्योरमेंट परियोजना का चयन रोलआउट के लिए किया गया है। इस श्रेणी में बहरीन के साथ-साथ ओड़िसा, राजस्थान, महाराष्ट्र, कर्नाटक, दिल्ली, आंध्रप्रदेश के कुल 12 परियोजनाओं का नामांकन किया गया है। कोई भी व्यक्ति इन पुरस्कारों के लिए अपना वोट डाल सकता है। श्री सिंह ने बताया कि ई-वर्ल्ड फोरम द्वारा शासकीय तथा समाजसेवी संस्थाओं को अवार्ड देने का मुख्य कारण लोगों में सूचना प्रौद्योगिकी के प्रति उत्सुकता जागृत करना है, ताकि विश्व के अधिक से अधिक लोगों तक सूचना प्रौद्योगिकी का लाभ पहुँचाया जा सके। साथ ही ऐसे क्षेत्र जहाँ सूचना प्रौद्योगिकी गतिविधियों का संचालन सफलतापूर्वक किया जा रहा है, उन संस्थाओं को प्रोत्साहित करना इन पुरस्कारों का सबसे बड़ा लक्ष्य है। इससे शासकीय तथा सामाजिक संस्थाओं के श्रेष्ठ कार्यों की पहचान होगी और जमीनी स्तर पर सूचना तथा संचार प्रौद्योगिकी के लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी।
चिप्स के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ए.एम. परियल ने इन पुरस्कारों के चयन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि परियोजना की संपूर्ण जानकारी ई-वर्ल्ड फोरम की वेबसाईट पर ऑनलाईन भरा गया, जिसके पश्चात् ज्यूरी द्वारा परियोजनाओं का मूल्यांकन कर श्रेणीवार योजनाओं का चयन किया गया है जिनमें सबसे ज्यादा वोट पाने वाली परियोजना को पुरस्कृत किया जायेगा। विश्व का कोई भी व्यक्ति अपनी पसंद की परियोजना को अपना वोट दे सकता है। इसके लिए उन्हें इंटरनेट पर www.eworldforum.net वेबसाईट के मुख्य पृष्ठ पर वोट नाऊ के द्वारा अपना नाम, ई-मेल आई.डी. मोबाईल नम्बर, स्थान आदि डालकर 15 जुलाई तक वोट डाल सकता है। इसके अलावा ई-प्रोक्योरमेंट, चॉइस तथा चिप्स की वेबसाईट पर भी इसका लिंक दिया गया है, जिसके माध्यम से भी वोटिंग किया जा सकती है।
उल्लेखनीय है कि ओपन सोर्स पर आधारित विश्व की वृहद्तम परियोजना चॉईस तथा ई-प्रोक्योरमेंट को पूर्व में भी अनेक राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार मिल चुके हैं, जिनमें वर्ल्ड इज ओपन अवार्ड 2008, ई चैम्पियन अवार्ड 2007, कम्प्यूटर सोसायटी ऑफ इंडिया 2008, निहिलेंट अवार्ड 2009 तथा कम्प्यूटर सोसायटी ऑफ इंडिया चॉइस विस्तारित सेवा अवार्ड 2010 आदि प्रमुख हैं।
क्रमांक/1414 /कुशराम

