पीएमटी परीक्षा निरस्त होने के कारणों की जांच के लिए समिति गठित
रायपुर 27 जून 2011
राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा 11 मई और 19 जून 2011 को आयोजित पी.एम.टी. परीक्षा रद्द होने के कारणों की जांच के लिए अपर मुख्य सचिव, तकनीकी शिक्षा एवं वन, श्री नारायण सिंह की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है। समिति में सामान्य प्रशासन विभाग की सचिव श्रीमती निधि छिब्बर को सदस्य नामांकित किया गया है। राज्य शासन के तकनीकी शिक्षा,जनशक्ति नियोजन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा 23 जून को यहां मंत्रालय से इस आशय का आदेश जारी कर दिया गया है। आदेश में कहा गया है कि समिति दो माह के भीतर मुख्य सचिव को अपना प्रतिवेदन सौंपेगी। समिति परीक्षा रद्द होने के कारणों की जांच करेगी तथा इसके लिए उत्तरदायी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चिन्हांकित करेगी। समिति व्यावसायिक परीक्षा मंडल की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए सुझाव भी देगी।

