पी.एम.टी की परीक्षा अब 17 जुलाई को
रायपुर, 04 जुलाई 2011
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल रायपुर द्वारा आयोजित पी.एम.टी परीक्षा 17 जुलाई 2011 को होगी। यह परीक्षा प्रदेश के 16 जिला मुख्यालयों के 48 परीक्षा केन्द्रों में ली जाएगी। इसके पहले पी.एम.टी. की परीक्षा विगत 11 मई तथा 19 जून 2011 को आयोजित की गयी थी, जो स्थगित कर दी गई । इस परीक्षा में दो प्रश्न पत्र होंगे। निर्धारित तिथि को प्रथम प्रश्न पत्र के अंतर्गत भौतिक एवं रसायन शास्त्र की परीक्षा प्रात: 09 बजे से पूर्वान्ह 11.15 बजे तक तथा द्वितीय प्रश्न पत्र में वनस्पति विज्ञान तथा प्राणी विज्ञान की परीक्षा अपरान्ह 03 बजे से शाम 5.15 बजे तक निर्धारित परीक्षा केन्द्रों में आयोजित की जाएगी। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा आयोजित इस परीक्षा के लिए सभी परीक्षार्थियों को पुन: प्रवेश पत्र भेजा जाएगा। ज्ञातव्य है कि 19 जून 2011 के लिए निर्धारित की गई परीक्षा केन्द्रों में ही परीक्षा आयोजित की जाएगी अर्थात परीक्षार्थियों को पूर्व में आवंटित 48 परीक्षा केन्द्रों में ही परीक्षा ली जाएगी।

