पॉलिटेक्निक में युवाओं को मिलेगा स्व-रोजगार प्रशिक्षण
रायपुर, 04 जुलाई 2010
सामुदायिक विकास योजना के तहत छत्तीसगढ़ के शासकीय पॉलिटेक्निक संस्थाओं में ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को स्व-रोजगार के लिए विभिन्न व्यवसायों का नि:शुल्क तकनीकी प्रशिक्षण्ा दिया जाएगा। कम अवधि के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए राजधानी रायपुर के बैरन बाजार स्थित शासकीय कन्या पॉलिटेक्निक में भी ग्रामीण युवक-युवतियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसमें न्यूनतम आठवीं और अधिकतम दसवीं कक्षा उत्तीर्ण युवाओं को हाउस वायरिंग, मोटर वाईंडिंग, फ्रिज, ए.सी. तथा रंगीन टी.व्ही. मरम्मत और कम्प्यूटर परिचालन का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्राप्त आवेदनों के आधार पर कम से कम 20 युवाओं का चयन कर प्रशिक्षण कार्यक्रम पॉलिटेक्निक में ही आयोजित किया जाएगा। आवेदन के लिए निर्धारित प्रपत्र प्राचार्य, शासकीय कन्या पॉलिटेक्निक संस्थान, बैरन बाजार रायपुर से कार्यालयीन समय में नि:शुल्क प्राप्त किया जा सकता है। इस बारे में अधिक जानकारी के लिए शासकीय कन्या पॉलिटेक्निक के कार्यालय से टेलीफोन नम्बर 0771-2423045 पर भी सम्पर्क किया जा सकता है।

