नया रायपुर और रायपुर के बीच बसों का संचालन तय करने के लिए समिति बनेगी
रायपुर, 7 जुलाई 2011
मुख्य सचिव श्री पी.जॉय उम्मेन ने आज यहां मंत्रालय में रायपुर और नया रायपुर के मध्य बसों के संचालन के संबंध में बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होने इस वर्ष नवंबर में नया रायपुर में मंत्रालय शिफ्ट होने की स्थिति में रायपुर और नया रायपुर के बीच बसों के संचालन की अभी से पूरी व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके लिए एक समिति बनायी जाएगी। इस समिति में नया रायपुर विकास प्राधिकरण, जिला प्रशासन, नगर निगम और परिवहन विभाग के प्रतिनिधि रहेंगे। यह समिति मंत्रालयीन कर्मचारियों के लिए पृथक बस व्यवस्था, पास आदि की सुविधा ,आम नागरिकों के लिए बस सुविधा, बसों का समय, बसों के छूटने का निर्धारित स्थल आदि के संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। बैठक में महापौर रायपुर श्रीमती किरणमयी नायक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी नया रायपुर विकास प्राधिकरण श्री एस. बजाज, अतिरिक्त आयुक्त परिवहन श्री बी.बी.एस. मरावी,जिला कलेक्टर रायपुर श्री रोहित यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
क्रमांक-1603 /हर्षा

