ई-गवर्नेस परियोजनाओं की समीक्षा के लिए जिला स्तरीय समिति गठित
रायपुर 11 अप्रैल 2011
राज्य सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ में संचालित ई-गवर्नेस और कम्प्यूटरीकरण से संबंधित परियोजनाओं की समीक्षा के लिए सभी जिलों में कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय ई-गवर्नेस समिति का गठन किया गया है।
सूचना प्रौद्योगिकी एवं जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार सूचना प्रौद्योगिकी के प्रभारी अधिकारी अपर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर अथवा डिप्टी कलेक्टर इस समिति के संयोजक होंगे। इसके अलावा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगरनिगम आयुक्त अथवा मुख्य नगरपालिका अधिकारी, समस्त विभागों के जिला प्रमुख, महाप्रबंधक दूरसंचार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी तथा चिप्स द्वारा नामांकित प्रतिनिधि इसके सदस्य होंगे। समिति जिले में संचालित समस्त विभागों अथवा एंजेसियों की ई-गवर्नेस और कम्प्यूटरीकरण से संबंधित सभी परियोजनाओं की समीक्षा करेगी। इसके साथ परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला स्तर पर समन्वय का कार्य करेगी तथा परियोजना के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं एवं कठिनाईयों के निराकरण के लिए समुचित कार्रवाई करेगी। जिले के नागरिकों की सुविधाओं के लिए एप्लीकेशन अथवा योजना तैयार करने के लिए निर्णय लेकर संबंधित विभाग और छत्तीसगढ़ इंफोटेक एंड बायोटेक प्रमोशन सोसायटी (चिप्स) को भी अवगत कराएगी। समिति की बैठक प्रत्येक तिमाही में होगी।

