नया रायपुर में व्यापार केन्द्र खुलेगा
रायपुर, 11 अगस्त 2011
मुख्य सचिव श्री पी. जॉय उम्मेन के समक्ष आज यहां मंत्रालय में छत्तीसगढ़ व्यापार केन्द्र की नया रायपुर में स्थापना के संबंध में तैयार किए गए प्रस्तुतिकरण का प्रदर्शन किया गया। प्रस्तुतिकरण में बताया गया कि नया राजधानी क्षेत्र में सौ एकड़ के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ व्यापार केन्द्र बनाया जाएगा। यह क्षेत्र नोडल एजेंसी सी.एस.आई.डी.सी. को हस्तांतरित कर दिया गया है। इस व्यापार केन्द्र में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय केन्द्र के विभिन्न व्यापार मेले, प्रदर्शनी, राज्योत्सव आदि आयोजित किए जाएंगे। इस व्यापार केन्द्र में बहु उपयोगी पैवेलियन, शिल्पग्राम, फुडकोर्ट, शॉपिंग काम्पलेक्स, मनोरंजन केन्द्र, फन जोन, फायर स्टेशन और अन्य मूलभूत सुविधाएं रहेंगी। इस व्यापार केन्द्र में निर्यात सुविधा केन्द्र भी बनाया जाएगा, जिससे प्रदेश के उत्पादों का निर्यात किया सके। व्यापार केन्द्र में लघु और मध्यम इकाइयों के उत्पादों के निर्यात के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। बैठक में सचिव वाणिज्य एवं उद्योग श्री दिनेश श्रीवास्तव, नया रायपुर डेव्हलेपमेंट अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एस.एस. बजाज, सी.एस.आई.डी.सी. के प्रबंध संचालक श्री देवेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
क्रमांक-2230/हर्षा

