आकर्षक और लुभावने लगे 'विकास की झलक' : छायाचित्र प्रदर्शनी में उमड़ी भीड़
रायपुर, 19 अगस्त 2011

राजधानी रायपुर के टाउन हॉल में चल रही छायाचित्र प्रदर्शनी 'विकास की झलक' देखने आज दिनभर स्कूली बच्चों और आम नागरिकों की चहल-पहल बनी रही। स्कूली बच्चों,युवाओं और बुजुर्गो ने विकास प्रदर्शनी की ना केवल तारीफ की बल्कि अपने विचारों को अभिमत पुस्तिका में अभिव्यक्त किया। जनसम्पर्क संचालनालय द्वारा आयोजित सप्ताह व्यापी इस छायाचित्र प्रदर्शनी का आज पांचवा दिन था। प्रदर्शनी में समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री भी दर्शकों को नि:शुल्क वितरित की गयी।
अभिमत पुस्तिका में रायपुर के श्री भगत अवधिया ने लिखा है कि यह प्रदर्शनी 'विकास की झलक' आकर्षक और लुभावने लगे। इसी प्रकार तरक्की करते हुए छत्तीसगढ़ देश का नम्बर एक राज्य बने। आरंग विकासखण्ड के ग्राम डुमहा के श्री रमेश ने लिखा है कि राज्य सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों की जानकारी प्रदर्शनी के माध्यम से मिली । सरकार की यह अच्छी पहल है। सेन्टपॉल स्कूल के छात्र पारसनाथ ने अपने विचार इन शब्दों में अंकित की है- प्रदर्शनी में आकर बहुत अच्छा लगा। सभी फोटो देखे। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा कराए गए विकास कार्यों को देखकर प्रसन्नता हुई। आमापारा रायपुर की श्रीमती शकुन्तला श्रीवास ने अभिमत पुस्तिका में अपनी टिप्पणी इस प्रकार लिखी- यहां आने के बाद पता चला कि हम जिस राजधानी में रहते हैं, उसका इतना अच्छा विकास हो चुका है। साथ ही यह भी पता चला कि राज्य सरकार द्वारा आम जनता की बेहतरी के लिए नए-नए कदम उठाए गए हैं।
डंगनिया रायपुर के श्री प्रशांत कुमार वर्मा ने अभिमत पुस्तिका में लिखा है कि नया रायपुर डेव्हलपमेंट प्रोग्राम सराहनीय है, वर्ल्ड क्लास इन्फ्रास्ट्रक्चर काबिल-ए-तारीफ है। प्रदर्शनी देखकर लाखेनगर रायपुर के श्री जितेन्द्र सोनकर ने लिखा कि छत्तीसगढ़ सचमुच विकास की ओर अग्रसर है। टैगोर नगर रायपुर की पूजा थोरानी ने लिखा है कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने गरीबों की काफी मदद की है। स्थानीय सेन्टपॉल हायर सेकेण्डरी स्कूल की छात्राओं की ओर से उनकी अध्यापिका ने लिखा है कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद जो विकास कार्य हुए हैं, उसकी छायाचित्रों के माध्यम से क्रमबध्द प्रस्तुति सराहनीय है। सालेम हायर सेकेण्डरी स्कूल की छात्रा कु. अस्मिता दास और कु. शिवांगी खरे ने लिखा है कि प्रदेश के विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा कराए जा रहे कार्यों की अच्छी जानकारी मिली। मोतीनगर रायपुर के डॉ. एस.के.नाग ने लिखा है कि राज्य सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों की जानकारी मिली, बड़ी प्रसन्नता हुई। कांशीरामनगर रायपुर के श्री प्रकाश शर्मा ने लिखा है कि प्रदर्शनी देखकर बड़ी खुशी हुई। कमल विहार योजना, सड़कों का चौड़ीकरण एवं अन्य विकास कार्य सराहनीय हैं।
यह प्रदर्शनी रविवार 21 अगस्त तक चलेगी। प्रतिदिन सवेरे दस बजे से रात्रि आठ बजे तक आम जनता के लिए नि:शुल्क खुली रहेगी।

