महिला आई.टी.आई. सड्डू में मेहमान प्रवक्ता के लिए 13 सितम्बर तक आवेदन आमंत्रित
रायपुर 31 अगस्त 2010
राजधानी रायपुर से लगे विधान सभा रोड पर ग्राम सड्डू में शासकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आई.टी.आई.) में तीन व्यवसायों क्रमश: कोपा (कम्प्यूटर आपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट), आर्किटेक्चरल असिस्टेंट एवं इन्टिरियर डेकारेशन एवं डिजाईनिंग का प्रशिक्षण देने के लिए मेहमान प्रवक्ता पद हेतु निर्धारित प्रारूप में आवेदन आगामी 13 सितम्बर को शाम साढ़े पांच बजे तक आमंत्रित किए गए हैं।
संस्था के प्रशिक्षण अधीक्षक से प्राप्त जानकारी के अनुसार मेहमान प्रवक्ता के लिए उम्मीद्वार को कोपा व्यवसाय के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय अथवा बोर्ड से कम्प्यूटर साइंस या इंजीनियरिंग मेें उपाधि/पत्रोपाधि या समकक्ष डिप्लोमा/मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से बी.सी.ए./पी.जी.डी.सी.ए. या अपेक्षित व्यवसाय में अखिल भारतीय दस्तकारी परीक्षा उत्तीर्ण हो या एन.ए.सी. परीक्षा उत्तीर्ण हो, आर्किटेक्चरल असिस्टेंट व्यवसाय के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय अथवा बोर्ड से आर्किटेक्चर में उपाधि/पत्रोपाधि या अपेक्षित व्यवसाय में अखिल भारतीय दस्तकारी परीक्षा उत्तीर्ण हो या एन.ए.सी. परीक्षा उत्तीर्ण हो और इन्टिरियर डेकारेशन एवं डिजाईनिंग व्यवसाय के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय अथवा बोर्ड से में इन्टिरियर डेकोरेशन एवं डिजाईनिंग में उपाधि/पत्रोपाधि या अपेक्षित व्यवसाय में अखिल भारतीय दस्तकारी परीक्षा उत्तीर्ण हो या एन.ए.सी. परीक्षा उत्तीर्ण होना चाहिए।
वांछित प्रमाण पत्रों एवं अंकसूची की अभिप्रमाणित छायाप्रति के साथ आवदेन पत्र आगामी 13 सितम्बर तक पंजीकृत डाक या स्पीड पोस्ट द्वारा कार्यालय प्रशिक्षण अधीक्षक, शासकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था सड्डू रायपुर (छत्तीसगढ़) में अनिवार्य रूप से प्राप्त हो जाना चाहिए। उम्मीद्वार स्वयं उपस्थित होकर कार्यालयीन समय में अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। विलम्ब से प्राप्त आवेदनों पर विचार नही किया जाएगा। उम्मीद्वार का नवीनतम पासपोर्ट साईज का फोटो निर्धारित स्थान पर चस्पा कर राजपत्रित अधिकारी द्वारा अभिप्रमाणित होना चाहिए। अपूर्ण/अस्पष्ट एवं त्रुटिपूर्ण होने के कारण निरस्त किये गये आवेदन के संबंध में उम्मीदवार को कोई सूचना नहीं दी जाएगी तथा ऐसे आवेदनों को अमान्य कर दिया जाएगा। उम्मीदवार को छत्तीसगढ़ का निवासी होना अनिवार्य है, इसमें आरक्षण संबंधी कोई नियम लागू नही होंगे एवं अवकाश की पात्रता नही है। चयन मेरिट के आधार पर होगा, चयन सूची संस्था के सूचना पटल पर चस्पा की जाएगी। चयनित आवेदकों को नियुक्ति पत्र नहीं दिया जाएगा, उन्हें दूरभाष आदि के द्वारा सूचना के आधार पर आमंत्रण स्वीकारते हुए प्रशिक्षण कार्य संपन्न कराना होगा। प्रशिक्षण देने के लिए मेहमान प्रवक्ता को प्रति घंटे अस्सी रूपए की दर से अधिकतम पांच घंटे प्रति कार्य दिवस हेतु मानदेय दिया जाएगा जो अधिकतम सात हजार दो सौ रूपए प्रतिमाह होगा। शासन द्वारा रिक्त पद के विरूध्द संविदा अथवा स्थानांतरित कर्मचारी की पदस्थापना होने पर मेहमान प्रवक्ता की यह नियुक्ति स्वमेव समाप्त हो जाएगी। अधिक जानकारी के लिए संस्था के दूरभाष क्रमांक 0771-6460965 पर संपर्क किया जा सकता है।

