इंजीनियरिंग कॉलेजों और पॉलिटेक्निक संस्थाओं में विभिन्न पदों में संविदा नियुक्ति के लिए सूची जारी
पन्द्रह सितम्बर तक दावा-आपत्तियां आमंत्रित
रायपुर 03 सितम्बर 2010
प्रदेश के शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों और पॉलिटेक्निक संस्थाओं में व्याख्याताओं सहित विभिन्न पदों में संविदा नियुक्ति के लिए निर्धारित मापदण्डों के आधार पर बनाई गई सूची जारी कर दी गई है। यह सूची तकनीकी शिक्षा संचालनालय की वेबसाईट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉटसीजीडीटीईआरएआईपीयूआरडॉटएसीडॉटआईएन (ूण्बहकजमतंपचनतण्ंबण्पद )पर जारी की गई है। सूची में दर्शित अंकों के संबंध में दावा-आपत्ति यहां बैरन बाजार स्थित तकनीकी शिक्षा संचालनालय के शासकीय कन्या पॉलिटेक्निक परिसर में आगामी 15 सितम्बर 2010 तक प्रस्तुत की जा सकती हैं।
तकनीकी शिक्षा संचालनालय के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि आवेदकों से प्राप्त आवेदन पत्रों में संलग्न अंकसूची और प्रमाण पत्रों के आधार पर अंकों की गणना की गई है और अंकतालिका बनाई गई है। उन्होंने बताया कि पन्द्रह सितम्बर तक शासकीय अवकाश को छोड़कर कार्यालयीन समय में कोई भी आवेदक व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है। डाक द्वारा दावा-आपत्तियां स्वीकार नहीं किए जाएंगे। आवेदन के समय आवेदन-पत्र के साथ संलग्न की गई अंकसूची और प्रमाण पत्रों के आधार पर ही दावा-आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। जारी की गई अंकतालिका पर यदि निर्धारित तिथि तक आवेदक द्वारा किसी भी प्रकार की दावा-आपत्ति दर्ज नहीं की जाती है तो इसे अंतिम सूची मानते हुए मेरिट सूची सूची जारी कर दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि प्रदेश के विभिन्न शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों और पॉलिटेक्निक संस्थाओं में व्याख्याता सहित कर्मशाला अधीक्षक और टी.पी.ओ के रिक्त पदों पर एक वर्ष के लिए संविदा आधार पर भर्ती की जाएगी।

