गृह विज्ञान में शोध पर राष्ट्रीय कार्यशाला 12 सितम्बर को
रायपुर 09 सितम्बर 2011
गृह विज्ञान के क्षेत्र में नवीन शोध की संभावनाओं पर राजधानी रायपुर में सोमवार 12 सितम्बर को एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यशाला सवेरे 10.30 बजे यहां सिविल लाइन स्थित नवीन विश्राम भवन के सभागृह में शुरू होगी। कार्यशाला का आयोजन डॉ. राधाबाई शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय रायपुर द्वारा किया जा रहा है। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अरूणा पाल्टा ने बताया कि इस कार्यशाला में विषय विशेषज्ञों द्वारा लगभग एक सौ प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। डॉ. अरूणा पाल्टा सहित केन्द्रीय विश्वविद्यालय लखनऊ के गृह विज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ. सुनीता मिश्रा और नागपुर की डॉ. नीलिमा सिन्हा द्वारा शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यशाला के शुभारंभ सत्र में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव श्री सी.के. खेतान और पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर के कुलपति डॉ. एस.के. पाण्डेय विशेष रूप से प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे। समापन सत्र शाम पांच बजे होगा, जिसमें महिला सेवा एवं कल्याण समिति रायपुर की उपाध्यक्ष श्रीमती वीणा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
क्रमांक-2678/स्वराज्य

