अनुकम्पा नियुक्ति संबंधी कार्रवाई निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश
रायपुर 06 सितम्बर 2011
राज्य शासन द्वारा शासकीय सेवकों की असामयिक मृत्यु होने पर उनके परिवार के आश्रित सदस्य को अनुकम्पा नियुक्ति देने संबंधी आवेदन पत्रों पर कार्रवाई निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के पुन: निर्देश दिए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा इस आशय का परिपत्र यहां मंत्रालय से राज्य के सभी विभागाध्यक्षों, संभागीय आयुक्तों, कलेक्टरों और मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को पिछले महीने की तीस तारीख को जारी कर दिए गए हैं।
परिपत्र में कहा गया है कि शासकीय सेवा में कार्यरत रहने के दौरान मृत शासकीय सेवकों के आश्रित सादस्यों को अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान करने के संबंध मे समय-समय पर दिशा निर्देश जारी किये गये हैं। राज्य शासन के ध्यान में यह बात लायी गयी है कि कतिपय विभागों में अनुकम्पा नियुक्ति के आवेदन पत्र बड़ी संख्या में लंबित हैं, जबकि अनुकम्पा नियुक्ति की कार्रवाई निर्धारित समय-सीमा में किये जाने के शासन के स्पष्ट निर्देश हैं।
परिपत्र में कहा गया है कि विभागों में अनुकम्पा नियुक्ति के आवेदन पत्रों के लंबित होने की स्थिति उचित नहीं है। अत: पुन: निर्देश दिए जाते हैं कि सभी विभागों के सचिव कृपया सुनिश्चित करें कि अनुकम्पा नियुक्ति संबंधी शासन के निर्देशों एवं निर्धारित समय-सीमा में आवेदन पत्रों पर कार्रवाई पूर्ण की जाए। अनुकम्पा नियुक्ति के आवेदन पत्र विभाग के अधीनस्थ कार्यालयों में लम्बित नही रहें।

