ओड़िशा विधायक की हत्या : डॉ. रमन सिंह ने तीव्र निन्दा की
रायपुर 25 सितम्बर 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने पड़ोसी राज्य ओड़िशा के विधायक श्री जगबंधु मांझी की हत्या पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए इस वारदात की तीव्र निन्दा की है। उन्होंने कहा है कि निर्वाचित जनप्रतिनिधि की हत्या करके अपराधियों ने लोकतंत्र को चुनौती दी है। सभी लोगों को इस घटना की एक स्वर से निन्दा करनी चाहिए। डॉ. रमन सिंह ने स्वर्गीय श्री मांझी के शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। ज्ञातव्य है कि श्री जगबंधु मांझी ओड़िशा के नवरंगपुर जिले के अन्तर्गत उमरकोट क्षेत्र के विधायक थे। श्री मांझी कल उमरकोट के नजदीक एक गांव में पट्टा वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जहां उन पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाकर उनकी हत्या कर दी।

