छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष ने की योजनाओं की समीक्षा
रायपुर 12 अक्टूबर 2011
छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री दिलीप सिंह होरा ने आज जांजगीर-चांपा जिले के कलेक्टोरेट सभा कक्ष में अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए चलाई जा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का लाभ वास्तविक हितग्राहियों को मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का व्यापक-प्रचार प्रसार भी होना चाहिए ताकि लोग इनका लाभ उठा सकें। बैठक में आयोग के सदस्य श्री मुर्तजा वनक, सचिव श्री एम.आर. खान, जिला पंचायत जांजगीर-चांपा की अध्यक्ष श्रीमती सूरज व्यास कश्यप, कलेक्टर श्री ब्रजेश चंद्र मिश्र तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. आनंद छाबड़ा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। आयोग के अध्यक्ष श्री होरा ने कहा कि अल्पसंख्यक कल्याण समिति की बैठक प्रत्येक तीन माह में एक बार अनिवार्य रूप से आयोजित की जानी चाहिए। बैठक में अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र-छात्राओं की जानकारी ली गई। उन्होंने जिले में संचालित मदरसों की स्थिति और आवश्यकताओं का आकंलन कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। स्व सहायता समूहों में अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं को जोड़ने,अल्पसंख्यकों की बस्तियों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने तथा अल्पसंख्यक वर्ग के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए गए।

