विधानसभा अध्यक्ष द्वारा 18 लाख के निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास
रायपुर 14 अक्टूबर 2011
छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष श्री धरमलाल कौशिक ने कल बिलासपुर जिले के विकासखण्ड पथरिया के ग्राम किरना में 18 लाख रूपये के विभिन्न निर्माण कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। श्री कौशिक ग्राम किरना में पिछड़ा क्षेत्र अनुदान योजना के तहत छह लाख रूपए की लागत से प्रस्तावित उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन, सर्व शिक्षा अभियान के तहत् दो लाख 71 हजार रूपए लागत की प्राथमिक शाला में अहाता निर्माण, माध्यमिक शाला में पचास हजार रूपए लागत से प्रस्तावित शौचालय निर्माण, लगभग डेढ़ लाख रूपए की लागत से प्राथमिक शाला भवन की मरम्मत तथा विधायक निधि से स्वीकृत साढ़े तीन लाख के मंगल भवन और दो लाख रूपए की लागत से बनने वाले सांस्कृतिक मंच निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने इस अवसर पर ग्राम किरना में दो लाख रूपए की लागत से निर्मित सीमेंट कांक्रीट सड़क का लोकार्पण भी किया।
श्री कौशिक ने इस अवसर पर आयोजित समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाएं गांवों तक पहुंच रही हैं। ग्राम किरना में एक साथ 18 लाख रूपए की लागत से बनने वाले विभिन्न निर्माण कार्य इसका प्रमुख उदाहरण है। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा सड़क, स्कूल, स्वास्थ्य सहित सभी क्षेत्रों में विकास कार्य कराये जा रहे हैं। निर्माण कार्यों के अलावा सामाजिक क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गरीब परिवारों को अत्यंत किफायती दर पर एक रूपए और दो रूपए प्रतिकिलो की दर से चावल उपलब्ध कराया जा रहा है। गरीबों को भरपेट भोजन देने के बाद उनके स्वास्थ्य की भी देखभाल राज्य सरकार द्वारा की जा रही है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत प्रदेश के बाईस लाख गरीब परिवारों को स्मार्ट स्मार्ट कार्ड दिया जा रहा है, जिसके माध्यम से वे एक वर्ष में तीस हजार रूपये तक किसी भी चिन्हित अस्पताल में मुफ्त इलाज करा सकते हैं। श्री कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री बाल हृदय सुरक्षा योजना तो छत्तीसगढ़ के हृदयरोगी बच्चों के लिए वरदान साबित हो रही है। अब तक 1800 से अधिक बच्चों के हृदय का नि:शुल्क और सफल इलाज किया जा चुका है। स्कूली बच्चों को नि:शुल्क गणवेश और पुस्तक प्रदान की जाती है। आंगनबाड़ी केन्द्रों में पोषण आहार एवं 'रेडी टू ईंट' की व्यवस्था है।
इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अंजूसिंह राजपूत, पथरिया की जनपद अध्यक्ष श्रीमती अहिल्या धृतलहरे, ग्राम पंचायत किरना की सरपंच श्रीमती लेखनीबाई साहू सहित बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित थे।

