राज्योत्सव 2010:सभी सरकारी भवनों में होगी रोशनी
रायपुर, 08 अक्टूबर 2010
प्रदेश सरकार ने छत्तीसगढ राज्य निर्माण की दसवीं वर्षगांठ के अवसर पर राज्योत्सव 2010 के उपलक्ष्य में आगामी 31 अक्टूबर और एक नवम्बर की रात में राज्य के सभी सरकारी भवनों में रोशनी करने का निर्णय लिया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा यहां मंत्रालय से शासन के सभी विभागाध्यक्षों, संभागीय राजस्व आयुक्तों, जिला कलेक्टरों और जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों सहित अध्यक्ष राजस्व मंडल तथा आवासीय आयुक्त छत्तीसगढ़ भवन को जारी परिपत्र में इस निर्णय का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। परिपत्र में कहा गया है कि इस कार्य पर होने वाला व्यय संबंधित प्रशासकीय विभाग अपने विभागीय बजट से वहन करेंगे। सामान्य प्रशासन विभाग ने एक अन्य परिपत्र में राजस्व मंडल सहित शासन के सभी विभागाध्यक्षों, संभागीय राजस्व आयुक्तों और जिला कलेक्टरों को राज्योत्सव 2010 के आयोजन के पहले राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के सभी जिलों में शासकीय भवनों की रंगाई-पुताई करने के निर्देश दिए हैं। परिपत्र में यह भी कहा गया है कि प्रदेश सरकार ने राज्योत्सव से पहले शहरों की साफ-सफाई के लिए विशेष अभियान चलाने का भी निर्णय लिया है।

