विश्व मधुमेह दिवस पर जन-जागरण रैली निकली
रायपुर, 14 नवम्बर 2010

विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर आज सवेरे यहां मुख्यमंत्री निवास के सामने आयोजित एक संक्षिप्त और सादगीपूर्ण कार्यक्रम में नगर निगम रायपुर के सभापति श्री संजय श्रीवास्तव ने जन-जागरण रैली को हरी झण्डी दिखाकर नगर भ्रमण के लिए रवाना किया। समाज सेवी संस्था आरोग्यम प्रिवेंशन एण्ड कंट्रोल ऑफ डिसीज सोसायटी द्वारा इस रैली का आयोजन किया गया। श्री संजय श्रीवास्तव ने इस अवसर पर कहा कि मधुमेह की बीमारी आज दुनिया भर में तेजी से अपने पैर पसार रही है। इस बीमारी से बचने और बीमारी होने पर सावधानियों के संबंध में लोगों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से आयोजकों द्वारा रैली का आयोजन सराहनीय है। आरोग्यम सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. विप्लव बंधोपाध्याय ने बताया कि सोसायटी द्वारा पिछले छह वर्षो से विश्व मधुमेह दिवस पर जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सोसायटी द्वारा आज से एक सप्ताह तक शंकर नगर में दिशा कॉलेज के सामने रक्त शुगर की नि:शुल्क जांच के लिए कैम्प लगाया जा रहा है, जहां मधुमेह से बचने के लिए संतुलित आहार, अंकुरित अनाज और फलों के उपयोग के फायदे तथा फास्ट फूड से सेहत से होने वाले नुकसान के बारे में लोगों को जागरूकता किया जाएगा। इस अवसर पर सोसायटी के सचिव श्री दीपांकर बेनर्जी सहित श्री राघवेन्द्र सिंह तथा अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।

