पड़ोसी राज्यों का धान छत्तीसगढ़ में लाने वालों पर हो कड़ी कार्रवाई : मुख्यमंत्री के निर्देश
रायपुर, 21 नवम्बर 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज यहां मंत्रालय में आयोजित कलेक्टर्स कान्फ्रेंस में राज्य के सरहदी जिलों के कलेक्टरों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि उनके जिलों के सीमावर्ती उपार्जन केन्द्रों में पड़ोसी राज्यों से धान की अवैध आवक न होने पाए। उन्होंने कहा कि ऐसे जिलों के कलेक्टर दूसरे राज्यों का धान छत्तीसगढ़ की सीमा में आने पर उसमें संलग्न लोगों को पकड़वाने के लिए ईनाम भी घोषित करें। पड़ोसी राज्यों से धान का छत्तीसगढ़ में अवैध परिवहन करने वाले वाहनों को राजसात किया जाए और इस अवैध करोबार में लगे व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जाए, ताकि उपार्जन केन्द्रों में छत्तीसगढ़ के किसानों का ही धान खरीदा जा सके।

