सभी स्कूलों में हो पेयजल और शौचालय सुविधा : डॉ. रमन सिंह
कलेक्टरों को समयबध्द कार्य योजना बनाने के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने प्रदेश के स्कूली बच्चों की सुविधा के लिए सभी स्कूलों में आगामी 30 नवम्बर तक अस्थायी और 31 दिसम्बर से पहले स्थायी शौचालयों का निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। डॉ. सिंह आज पूर्वान्ह यहां कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंस में विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कलेक्टरों से कहा कि सभी स्कूलों में विद्युतीकरण और पेयजल व्यवस्था आगामी 30 जून 2012 तक पूर्ण कर ली जाए। अधिकारियों ने बैठक में बताया कि अब तक प्रदेश के 83 प्रतिशत स्कूलों में पेयजल व्यवस्था और 57 प्र्रतिशत प्राथमिक और मिडिल स्कूलों में शौचालयों की व्यवस्था की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने शेष स्कूलों के लिए अधिकारियों को ये सभी बुनियादी सुविधाएं निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डॉ. सिंह ने कहा कि इसके लिए एक समयबध्द कार्य योजना बनाकर काम पूरा किया जाए।

