जन-प्रतिष्ठा व्याख्यान माला की तैयारियां लगभग पूर्ण : सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश श्री पटनायक के व्याख्यान से होगा शुभारंभ
रायपुर 25 नवम्बर 2010
छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के दस वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राजधानी रायपुर में जन-प्रतिष्ठा व्याख्यान माला के आयोजन की सभी तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गयी है। व्याख्यान माला का शुभारंभ 27 नवम्बर को शाम छह बजे यहां पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागृह में सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति अनंग कुमार पटनायक के व्याख्यान से होगा। शुभारंभ समारोह की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री शेखर दत्त करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह शुभारंभ समारोह में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। व्याख्यान माला के इस प्रथम आयोजन में सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री अनंग कुमार पटनायक 'हमने संविधान को कितना असफल किया' विषय पर व्याख्यान देंगे। व्याख्यान माला का यह प्रथम व्याख्यान तत्कालीन अविभाजित मध्यप्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री और भारतीय संविधान सभा के सदस्य रह चुके स्वर्गीय पंडित रविशंकर शुक्ल की स्मृतियों पर केन्द्रित होगा। आयोजन समिति ने राज्य के सभी प्रबुध्दजनों से व्याख्यान माला के शुभारंभ समारोह में शामिल होने की अपील की है।
उल्लेखनीय है कि राज्य निर्माण के दस वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार के जनसम्पर्क विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ संस्कृति फाउण्डेशन के सहयोग से इस व्याख्यान माला का आयोजन किया जा रहा है। इसके अन्तर्गत यथासंभव हर महीने किसी एक महत्वपूर्ण विषय पर आमंत्रित विशेषज्ञ वक्ता के व्याख्यान का आयोजन किया जाएगा, जो छत्तीसगढ़ की महान विभूतियों को समर्पित होगा। व्याख्यान के लिए देश के प्रसिध्द विद्वानों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ जन प्रतिष्ठा व्याख्यान आयोजन समिति का गठन किया गया है। इसमें परामर्शदाता के रूप में विधानसभा अध्यक्ष श्री धरमलाल कौशिक, राज्यसभा सांसद श्री नंदकुमार साय, प्रदेश सरकार के पूर्व वित्त मंत्री डॉ. रामचन्द्र सिंहदेव, प्रसिध्द कवि और उपन्यासकार श्री विनोद कुमार शुक्ल, पूर्व लोकसभा सांसद श्रीमती करूणा शुक्ला और राज्य शासन के मुख्य सचिव श्री पी. जॉय उम्मेन शामिल हैं। वरिष्ठ अधिवक्ता और छत्तीसगढ़ संस्कृति फाउण्डेशन के संयोजक श्री कनक तिवारी आयोजन समिति के भी संयोजक बनाए गए हैं। प्रमुख सचिव जनसम्पर्क श्री एन. बैजेन्द्र कुमार आयोजन समिति के प्रभारी होंगे। आयोजन समिति में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय रायपुर के कुलपति श्री सच्चिदानंद जोशी और प्रदेश सरकार के संचालक जनसम्पर्क श्री उमेश द्विवेदी विशेष आमंत्रित के रूप में शामिल किए गए हैं। आयोजन समिति के मुख्यमंत्री सचिवालय के प्रेस अधिकारी श्री उमेश मिश्रा को आयोजन समिति में कार्यकारी सचिव का दायित्व सौंपा गया है।
यह भी उल्लेखनीय है कि व्याख्यान माला के प्रथम आयोजन के विशेष अतिथि वक्ता सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री अनंग कुमार पटनायक छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रह चुके हैं। श्री पटनायक का गृह राज्य उड़ीसा है, लेकिन उनकी स्कूली शिक्षा छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित राजकुमार कॉलेज में हुई। उन्होंने हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय रायपुर में कुलपति के रूप में भी अपनी सेवाएं दी। न्यायिक सेवा के क्षेत्र में श्री पटनायक को अनेक महत्वपूर्ण और अभिनव पहल के लिए जाना जाता है। कानून और न्याय के क्षेत्र में उनके विचारों का व्यापक महत्व है। उन्होंने अपने व्यक्तित्व और कृतित्व से देश में न्यायिक सेवा के क्षेत्र में उच्च आदर्शों और नये शिखरों को भी स्पर्श किया है। छत्तीसगढ़ जन-प्रतिष्ठा व्याख्यान माला की शुरूआत भारतीय संविधान पर केन्द्रित उनके महत्वपूर्ण व्याख्यान से होने जा रही है।

