जनगणना 2011 :फरवरी में घर-घर जाकर भरी जाएगी परिवार अनुसूची
रायपुर 29, नवम्बर 2010
जनगणना 2011 का द्वितीय चरण अगले वर्ष 9 फरवरी से 28 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान सभी घरों में जाकर परिवार अनुसूची भरी जाएगी। परिवार अनुसूची में 29 प्रश्न पूछे जाएंगे,जिनमें परिवार के मुखिया का नाम, जन्म-तिथि, जन्म स्थान,आयु, सभी सदस्यों की वैवाहिक स्थिति, व्यवसाय, जीवित बच्चों की संख्या, परिवार में किसी सदस्य की मानसिक या शारीरिक नि:शक्तता की जानकारी, धर्म, मातृ भाषा, साक्षरता की स्थिति, कार्य स्थल से निवास तक जाने का साधन आदि की जानकारी ली जाएगी। जनगणना की अनुसूची में सामान्य परिवार ,संस्थागत परिवार, बेघर परिवार की परिभाषा दी गई है। इसके अनुसार सामान्य परिवार ऐसे लोगों का समूह जो साथ-साथ रहते हों और एक ही रसोई से खाना खाते हो जो एक-दूसरे से संबंधित अथवा असंबंधित हो सकते हैं या दोनों का मिश्रण हो सकता है। संस्थागत परिवार किसी संस्थान में रह रहे ऐसे व्यक्तियों का समूह जिनमें आपस में संबंध न हो और एक ही रसोई से खाना खाते हो। बेघर परिवार जो परिवार भवनों अथवा जनगणना मकान में नहीं रहते अपितु खुले में या सड़क के किनारे या फुटपाथों, सीढ़ियों आदि में रहते हैं। बेघर परिवारों की गणना 28 फरवरी को रात को होगी। इसके लिए सभी कलेक्टरों और नगर निगम आयुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे स्थानों की पूर्व से पहचान कर ली जाए।

