छत्तीसगढ़ को मिला सर्वश्रेष्ठ ई-गवर्नेंस राज्य का सम्मान
चिप्स के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने अहमदाबाद में पुरस्कार ग्रहण किया
रायपुर 3 दिसम्बर 2011
सूचना
प्रौद्योगिकी के बेहतर उपयोग के लिए छत्तीसगढ़ को एक और राष्ट्रीय पुरस्कार
से नवाजा गया है। प्रसिध्द वैज्ञानिक डॉ. राजा रमण ने कल रात अहमदाबाद में
कम्प्यूटर सोसायटी ऑफ इंडिया-निलिहेंट की ओर से यह पुरस्कार प्रदान किया।
चिप्स की ओर से मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ए.एम. परियल ने यह पुरस्कार
ग्रहण किया। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने चिप्स को ई-गवर्नेस पर प्रतिष्ठित
पुरस्कार प्राप्त होने पर चिप्स के अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी
बधाई और शुभकामनाएं दी है। सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव श्री अमन सिंह
ने भी चिप्स के अधिकारियों और कर्मचारियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी
है।
पुरस्कार समारोह में वैज्ञानिक डॉ. राजा रमण ने छत्तीसगढ़ की
सराहना करते हुए कहा कि देश में सर्वश्रेष्ठ ई-गवर्नड राज्य के रुप में
छत्तीसगढ़ का उभरना बहुत ज्यादा सुखद और गौरव का विषय है। एक नये राज्य को
तकनीकी रूप से दक्ष राज्यों के बीच इस प्रकार पुरस्कृत होना एक नये विकास
की ओर इंगित करता है। इसके पूर्व पुरस्कार जूरी के समन्वयक एवं सी एम सी
लिमिटेड के पूर्व प्रबंध संचालक श्री सुरेन्द्र कपूर ने बताया कि इस वर्ष
राज्यों की श्रेणी में आंध्रप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के नामांकन सूचीबध्द हुए
थे। फील्ड विजिट एवं जूरी के सदस्यों के बीच विचार-विमर्श के बाद छत्तीसगढ़
को इस पुरस्कार के योग्य पाया गया। सत्रह सदस्यों की इस जूरी में आर्इ. आई.
टी. दिल्ली, ट्रिपल आई.टी. हैदराबाद, आय. आय. एम. कोलकाता, भारत सरकार के
सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के निदेशक, एन आई सी, इंस्टीटयूट ऑफ चार्टर्ड
एकाऊंटेंट, इंस्टीटयूट ऑफ पब्लिक इंटरप्राईज, निलिहेंट टेक्नॉलाजी के
प्रेसिंडेट, एवं एन आई एस जी के विशेषज्ञ शामिल थे। जूरी ने आंध्र प्रदेश
एवं छत्तीसगढ़ की विभिन्न परियोजनाओं का मूल्यांकन किया और यह पाया कि
नागरिकों को इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से सेवाएं देने में छत्तीसगढ़ का कार्य
व्यापक एवं दीर्धकालीन है,जिसमें जनसमुदाय की भागीदारी अधिक है।
कम्प्यूटर सोसायटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष श्री एम डी अग्रवाल ने कहा कि
आंध्र प्रदेश के मुकाबले छत्तीसगढ़ का आना बहुत आश्चर्यजनक है। अब छत्तीसगढ़
का अपना स्थान कायम रखना होगा। सी एस आई ई-गवर्नेंस ग्रुप के अध्यक्ष मेजर
जनरल (डॉ) आर के बग्गा ने कहा कि पिछले दो वर्ष से छत्तीसगढ़ परियोजनाओं पर
अवार्ड प्राप्त कर रहा था, एकाएक उसका राज्यों में श्रेष्ठ होना बहुत खुशी
की बात है। उन्होंने कहा कि हमारा ग्रुप कई महिनों से छत्तीसगढ़ में
ई-गवर्नेंस पर नजर रख रहा था और इस वर्ष छत्तीसगढ़ को अवार्ड प्राप्त होना
सुखद आश्चर्य है। इस अवसर पर प्रकाशित पुस्तकों में छत्तीसगढ़ के सूचना
प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में किये गये कार्यों को न सिर्फ
सराहा गया है बल्कि जूरी मेम्बर्स के एक समूह ने नामांकित राज्यों एवं
परियोजनाओं का तुलनात्मक विश्लेषण भी किया है।
क्रमांक-3965/कुशराम

