छत्तीसगढ़ के श्रमिक परिवार के तीन सदस्यों की उत्तरप्रदेश में मौत : मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने गहरा दु:ख व्यक्त किया
रायपुर, 04 दिसंबर 2011
छत्तीसगढ क़े मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने राय के रायपुर जिले के कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम कोसमसरा निवासी एक परिवार के तीन सदस्यों की उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में आग में जलकर मृत्यु की घटना पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। डॉ.रमन सिंह ने अपने सचिवालय के अधिकारियों को इस घटना की पूरी रिपोर्ट रायबरेली जिला प्रशासन से मंगवाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने इस घटना में मृतकों के परिवारजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति प्रकट की है। ज्ञातव्य है कि उत्तरप्रदेश के रायबरेली जिले के थाना क्षेत्र सरेनी के ग्राम चहोतर में यह परिवार ईंट भट्ठे में पिछले तीन वर्षों से काम कर रहा था। शुक्रवार रात पूरा परिवार खाना खाकर अपनी झोपड़ी में सो रहा था। परिवार के मुखिया ने झोपड़ी में रौशनी के लिए एक शीशी में चिराग जला रखा था, जो शायद सोते समय पैर की ठोकर से गिर गया और मिट्टी तेल के बहने से उनके बिछावन में आग लग गई। इसके फलस्वरूप यह हादसा हुआ।

