सेना में हवलदारों की भर्ती : आवेदन की अंतिम तिथि 24 दिसम्बर
रायपुर, 06 दिसम्बर 2011
छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के युवा पुरूष उम्मीदवारों के लिए सेना की कोर ऑफ इंजीनियर्स में सर्वेक्षक मानचित्रकार (सर्वेयर आटोमेटेड कारटोग्राफर) के रूप में हवलदारों की भर्ती के लिए 24 दिसम्बर 2011 तक आवेदन मंगाए गए हैं। सेना भर्ती कार्यालय के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि अभ्यर्थी की आयु 17 जनवरी 2012 को 20 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए (18 जनवरी 1987 और 17 जनवरी 1992 के बीच जन्म हुआ हो)। शैक्षणिक योग्यता किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से बी.ए./बी.एस.सी. की परीक्षा गणित विषय के साथ और बारहवीं या समकक्ष परीक्षा गणित और विज्ञान विषयों के साथ उत्तीर्ण निर्धारित की गयी है। उम्मीदवार की लम्बाई 168 से.मी., वजन 50 किलोग्राम और छाती 77/82 से.मी. निर्धारित की गयी है। उम्मीदवार को शारीरिक रूप से स्वस्थ होना चाहिए, छाती पूर्ण विकसित होनी चाहिए और फैलाव कम से कम पांच से.मी. होनी चाहिए। पात्र उम्मीदवारों को सेना भर्ती कार्यालय मऊ द्वारा 22 जनवरी 2012 को सवेरे पांच बजे प्रारंभिक जांच-पड़ताल के लिए दतिया (मध्यप्रदेश) में बुलाया जाएगा। निर्धारित योग्यता के इच्छुक उम्मीदवार सभी प्रमाण पत्रों सहित आवेदन 24 दिसम्बर 2011 तक सेना भर्ती कार्यालय बेकरी रोड मऊ (मध्यप्रदेश) को भेज सकते हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए सेना भर्ती कार्यालय बेकरी रोड मऊ (मध्यप्रदेश) तथा सेना भर्ती कार्यालय मकान नम्बर ए-4/8, सेक्टर-1, उदया हाउसिंग सोसायटी टाटीबंध रायपुर, दूरभाष नम्बर 0771-2573112 से सम्पर्क किया जा सकता है।
क्रमांक-4005/चन्द्राकर

