सशस्त्र सेना झण्डा दिवस : मुख्यमंत्री ने ध्वज खरीद कर किया अंशदान
आम जनता से भी ध्वज खरीदने की अपील
रायपुर, 7 दिसम्बर 2011
सशस्त्र सेना झण्डा दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज सवेरे यहां मंत्रालय में ध्वज खरीद कर अपना अंशदान दिया। इस मौके पर छत्तीसगढ़ के संचालक सैनिक कल्याण श्री जे.के. देवस्थले सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को ध्वज का स्टिकर लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सशस्त्र सेना झण्डा दिवस हमें यह भी याद करने का अवसर देता है कि देश के लिए अपने प्राणों की कुर्बानी देने वाले अमर शहीदों के परिजनों ने भी जो त्याग किया है, उससे हम कभी उऋण नहीं हो सकते। मुख्यमंत्री ने सशस्त्र सेना झण्डा दिवस के अवसर पर प्रदेश की जनता से भारत के शहीद जवानों की विधवाओं और उनके आश्रित परिवारजनों के पुनर्वास तथा कल्याण के लिए अधिक से अधिक योगदान देने की अपील की है। डॉ. सिंह ने कहा है कि बहादुर सैनिकों, देश के लिए कर्तव्य की राह पर शहीद हुए हमारे वीर जवानों, उनकी विधवाओं और आश्रित परिवारजनों का पुनर्वास और कल्याण हम सब की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने सभी लोगों से इस पुनीत कार्य के लिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में ध्वज खरीदने का भी आग्रह किया है। डॉ. रमन सिंह ने इस अवसर पर सशस्त्र सेनाओं की समस्त श्रेणियों के सैनिकों का अभिनंदन करते हुए कहा है कि यह दिवस हमें सशस्त्र सेनाओं की सक्षमता, उनके शौर्य और पराक्रम की याद दिलाने के साथ-साथ अपने देश के महान सपूतों की कर्मठता और उनके महान बलिदानों की भी याद दिलाता है। देश के प्रत्येक नागरिक को पावनर्-कत्ताव्य मानकर इसमें हाथ बटाना चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने विश्वास व्यक्त किया है कि इस वर्ष भी सशस्त्र सेना झण्डा दिवस पर छत्तीसगढ़ राज्य की जनता अधिक से अधिक योगदान देकर अपने वीर सपूतों के प्रति अपना स्नेह और सम्मान व्यक्त करेगी।

