अचार, मुरब्बा और जैम-जैली बनाने का प्रशिक्षण 2 मई से
रायपुर, 30 अप्रैल 2011
राज्य शासन के उद्यानिकी विभाग द्वारा महिलाओं और स्कूल-कॉलजों की छात्राओं को शरबत, जैम, जैली, अचार, मुरब्बा, कैचप, सॉस, चटनी और बरफी बनाने का पन्द्रह दिवसीय प्रशिक्षण आगामी 2 मई से प्रारंभ किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण राजधानी रायपुर के सिविल लाईन्स स्थित फल परिरक्षण प्रशिक्षण केन्द्र में दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को फल और सब्जियों को सुरक्षित रखने के विभिन्न तरीके भी सिखाए जाएंगे। केन्द्र द्वारा प्रशिक्षण का प्रवेश शुल्क पचास रूपए प्रति प्रशिक्षणार्थी निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षण के बाद प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए जाएंगे। प्रवेश शुल्क के अलावा जो पदार्थ बनाना सिखाया जाएगा उसका खर्च प्रशिक्षणार्थियों को अलग से वहन करना होगा। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए प्रशिक्षण अधिकारी, केनिंग एवं फल परिरक्षण प्रशिक्षण केन्द्र सिविल लाईन्स, जब्बल फेब्रिकेटर्स के पास, रायपुर से सम्पर्क किया जा सकता है।

