राज्य की हवाई पट्टियों के उन्नयन और विशेष मरम्मत के लिए शासन ने 13 करोड़ रूपये स्वीकृत किए
रायपुर 22 दिसंबर 2010
राज्य की हवाई पट्टियों के उन्नयन और विशेष मरम्मत आदि के लिए राज्य शासन ने 13 करोड़ रूपये से अधिक स्वीकृत किए हैं। राज्य शासन ने अंबिकापुर जिले में स्थित दरिमा हवाई पट्टी के उन्नयन और जगदलपुर हवाई पट्टी की मरम्मत के लिए लगभग 12 करोड़ 70 लाख रूपये स्वीकृत किए हैं। विमानन विभाग द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं।
विमानन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार अंबिकापुर जिले में स्थित दरिमा हवाई पट्टी के उन्नयन के लिए बारह करोड़ इकसठ लाख 87 हजार रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इस हवाई पट्टी का उन्नयन लोक निर्माण विभाग द्वारा महानिदेशक नागर विमानन के मानक मापदंड के अनुसार किया जाएगा। जगदलपुर स्थित हवाई पट्टी का उपयोग सिविल एयरलाइन्स सर्विसेस के लिए किए जाने के लिए विशेष मरम्मत और गार्ड रूम के निर्माण के लिए आठ लाख 63 हजार रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। विभाग द्वारा जारी एक अन्य आदेश में राज्य के 5 जिलों जशपुर, अंबिकापुर, जगदलपुर, रायगढ़ और बिलासपुर की हवाई पट्टियों पर पेंटिंग ऑफ मार्किंग स्ट्रीप का कार्य लोक निर्माण विभाग से 40.27 लाख रूपये में कराए जाने के लिए प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।

