मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर अमल के लिये बैहरसरी में आज लगेगा फॉलोअप कैंप
रायपुर 03 मई 2011
मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह द्वारा ग्राम सुराज अभियान में कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखण्ड के ग्राम बैहरसरी में आमजनता के आग्रह पर की घोषणाओं पर अमल के लिये इस गांव में फॉलोअप कैंप लगेगा। कबीरधाम जिला प्रशासन द्वारा फालोअप कैम्प कल 4 मई को लगाया जा रहा है। कबीरधाम जिले के कलेक्टर मुकेश बंसल ने सभी विभागों के जिला अधिकारियों को कैम्प में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। कैम्प पूर्वान्ह 11 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगा।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने प्रदेश व्यापी ग्राम सुराज अभियान के पहले दिन 19 अप्रैल को हेलीकाप्टर से कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखण्ड के ग्राम बैहरसरी पहुंचकर वहां ग्रामवासियों की मांग पर हाई स्कूल भवन, हरिजन वार्ड में 4 लाख रूपये के मंगल भवन, 3 लाख रूपये के 500 मीटर सीसी रोड व पेयजल आपूर्ति के लिये नल-जल योजना एवं तालाब गहरीकरण कर तालाब में पचरी व रिटेनिंग वाल निर्माण की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री ने बैहरसरी में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के उचित मूल्य की दुकान खोलने एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन के पात्र हितग्राहियों का तत्काल पेंशन प्रकरण तैयार करने के निर्देश भी अधिकारियों दिये थे। इस कैंप में मुख्यमंत्री की घोषणाओं एवं निर्देशाेंं पर अब तक की गयी कार्रवाई की जानकारी बैहरसरी के निवासियों को दी जायेगी। इस कैंप में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों से शिकायतों एवं समस्याओं के संबंध में आवेदन पत्र लिए जाएंगे। शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं नि:शुल्क उपचार किया जायेगा। परिवहन विभाग द्वारा आवेदकों को लर्निग लाइसेंस दिये जाने के लिए कार्यवाही की जायेगी। इस कैंप में बैहरसरी, सारंगपुरकला, खडौदाकला, भरेली, लोहझरी, बघर्रा, उसलापुर, प्रभाटोला, परसहा, रींवापार, मानिकपुर, गंडईकला, खरहट्टा, कारेसरा, पोंडी, रहंगी, बुधवारा व नेऊंरगवाखुर्द ग्राम पंचायत के ग्रामीणजन भी आएंगे।

