बेरोजगार सीखेंगे कम्प्यूटर, लेपटॉप और मोबाइल फोन सुधारना
उद्यमिता विकास केन्द्र में आवेदन 31 जनवरी तक आमंत्रित
प्लेसमेंट के जरिए भी मिलेगी रोजगार की सुविधा
रायपुर, 21 जनवरी 2011
छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं को राजधानी रायपुर स्थित उद्यमिता विकास केन्द्र द्वारा कम्प्यूटर से संबंधित विभिन्न सुधार कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक युवाओं से फोटोशॉप, वीडियो मिक्सिंग, कम्प्यूटर हार्डवेयर, नेटवर्किंग, मोबाईल रिपेयरिंग तथा लेपटॉप मरम्मत के तकनीकी प्रशिक्षण के लिए 31 जनवरी को शाम पांच बजे तक आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन पत्र का निर्धारित प्रारूप रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ उद्यमिता विकास केन्द्र, बैरनबाजार, (आशीर्वाद भवन के पीछे) के राज्य कार्यालय में कार्यालयीन दिवस में प्रात: 11 बजे से शाम 5.00 बजे के बीच प्राप्त किया जा सकता है। प्रशिक्षण्ा के लिए आवेदकों का चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ उद्यमिता विकास केन्द्र के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि प्रदेश के शिक्षित युवा बेरोजगारों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर उन्हें रोजगार से जोड़ने के लिए यह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। प्रशिक्षण आगामी एक फरवरी 2011 से प्रारंभ किया जाएगा। चयनित प्रशिक्षार्थियों को फोटोशॉप, वीडियो मिक्सिंग, कम्प्यूटर हार्डवेयर, नेटवर्किंग, मोबाईल रिपेयरिंग तथा लेपटाप मरम्मत के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पश्चात योग्य प्रशिक्षार्थियों को राज्य के प्रतिष्ठित संस्थानों में प्लेसमेंट की सुविधा सहित मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा योग्य प्रशिक्षार्थियों को संस्थान द्वारा संचालित किए जाने वाले संबंधित ट्रेड़ों में तकनीकी कुशलता प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षक के रूप में उनकी सेवाएं लिए जाना प्रस्तावित है। अधिक जानकारी के लिए छत्तीसगढ़ उद्यमिता विकास केन्द्र के राज्य स्तरीय कार्यालय के दूरभाष क्रमांक 0771-4051412 तथा मोबाईल फोन नम्बर 94255-01342 से भी सम्पर्क किया जा सकता है।

