अरूणाचल के मुख्यमंत्री के निधन पर छत्तीसगढ़ में दो दिन का राजकीय शोक
रायपुर, 05 मई 2011
केंद्रीय गृह मंत्रालय नई दिल्ली से आज प्राप्त फैक्स सन्देश के अनुसार अरूणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री दोरजी खाण्डू के आकस्मिक निधन पर छत्तीसगढ़ सरकार ने आज पांच मई और कल छह मई को राज्य में दो दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आज यहां मंत्रालय से जारी परिपत्र में कहा गया है कि राजकीय शोक के दौरान प्रदेश में उन इमारतों में जहां राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, ध्वज आधा झुका रहेगा। राजकीय शोक की अवधि में सरकारी तौर पर कोई मनोरंजन के कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे। यह परिपत्र अध्यक्ष राजस्व मण्डल सहित राज्य शासन के सभी विभागाध्यक्षों, संभागीय आयुक्तों और जिला कलेक्टरों को जारी किया गया है। इसकी प्रति सर्वसंबंधित कार्यालयों को भी भेजी गयी हैं। ज्ञातव्य है कि अरूणाचल प्रदेश के दौरे में निकले श्री दोरजी खाण्डू हेलीकॉप्टर पिछले दिनों दुर्घटना ग्रस्त हो गया था, जिसमें श्री दोरजी खाण्डू सहित पांच लोगों की मृत्यु हो गयी थी। खोजी दलों को उनके लापता हेलीकॉप्टर के मलबे सहित श्री दोरजी और अन्य दिवंगतों के पार्थिव शरीरों का कल पता चला। इससे अरूणाचल सहित पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गयी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने भी गहरा दु:ख व्यक्त किया।

