बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा मौका
साबुन, फिनाइल और मोमबत्ती निर्माण के प्रशिक्षण हेतु 18 मई तक आवेदन आमंत्रित
रायपुर, 09 मई 2011
छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं को स्वयं के पैरों पर खड़े होने का सुनहरा मौका यहां उद्यमिता विकास केन्द्र में मिलेगा। उन्हें इस केन्द्र में आगामी 19 मई से एक सप्ताह का कौशल उन्नयन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में उन्हें वाशिंग पाउडर, तरल साबुन, फिनाईल और मोमबत्ती बनाना सिखाया जाएगा। इसके लिए बैरनबाजार रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ उद्यमिता विकास केन्द्र के राज्य कार्यालय द्वारा आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप में इस महीने की 18 तारीख तक आमंत्रित किए गए हैं।
उद्यमिता विकास केन्द्र के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि उपरोक्त व्यवसायों में स्थानीय एवं दूरस्थ अंचलों के निवासरत शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को तकनीकी रूप से सक्षम व सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है, ताकि उनको रोजगार तथा स्व-रोजगार के अवसर प्राप्त हो सके। प्रशिक्षण के आवेदन फार्म प्राप्त करने के लिए बैरन बाजार रायपुर, आशीर्वाद भवन के पीछे स्थित छत्तीसगढ़ उद्यमिता विकास केन्द्र से कार्यालयीन समय पूर्वान्ह 11.00 बजे से शाम 5.00 बजे के मध्य सम्पर्क किया जा सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में वाशिंग पाउडर, तरल-साबुन और मोमबत्ती बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही प्रशिक्षणार्थियों को उद्यमिता और स्वरोजगार से संबंधित आवश्यक जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता आठवीं कक्षा उत्तीर्ण रखी गयी है। इच्छुक आवेदकों में से प्रशिक्षणार्थियों के चयन हेतु साक्षात्कार लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि प्रशिक्षण् प्राप्त योग्य प्रशिक्षणार्थी जो अपना स्वयं का रोजगार स्थापित करना चाहते हैं, उनके ऋण प्रकरण शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत तैयार किए जाएंगे। विस्तृत जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष क्रमांक-0771-4051412, मो. नम्बर-94255-01342 एवं 97548-10720 पर सम्पर्क किया जा सकता है।

