प्रभारी सचिव माह में कम से कम एक बार करें अपने प्रभार जिले का दौरा
रायपुर 23 अगस्त 2010/
राज्य सरकार ने सभी जिलों के प्रभारी सचिवों को अपने-अपने प्रभार जिलों का हर माह कम से कम एक बार दौरा करने और वहां संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव श्री पी. जॉय उम्मेन ने जिलों के प्रभारी सचिवों से कहा है कि वे अपनी मासिक समीक्षा की संक्षिप्त रिपोर्ट उन्हें हर महीने प्रस्तुत करें। मुख्य सचिव ने इस महीने की 20 तारीख को यहां मंत्रालय से जारी आदेश में पूर्व के समस्त आदेशों को अधिक्रमित करते हुए प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के 18 अधिकारियों को राज्य के विभिन्न जिलों के लिए प्रभारी सचिव का दायित्व सौंपा हैं। इस आदेश के तहत सचिव श्री नारायण सिंह को रायगढ़, प्रमुख सचिव श्री अजय सिंह को रायपुर, प्रमुख सचिव श्री एन.के. असवाल को बस्तर, प्रमुख सचिव श्री एम.के. राऊत को बिलासपुर और प्रमुख सचिव श्री एन. बैजेन्द्र कुमार को दुर्ग जिले के प्रभारी सचिव का दायित्व सौंपा गया है। आदेश में विभिन्न विभागों के सचिवों में से श्री अजयपाल सिंह को नारायणपुर, श्री सुनील कुजूर को कोरिया (बैकुण्ठपुर), श्री पी. रमेश कुमार को उत्तर बस्तर (कांकेर), श्री सी.के. खेतान को जांजगीर-चांपा, श्री आर.पी. मण्डल को सरगुजा, श्री के.डी.पी. राव को दक्षिण बस्तर (दंतेवाड़ा), श्री जवाहर श्रीवास्तव को कोरबा, श्री दुर्गेश चन्द्र मिश्रा को जशपुर, श्री आर.एस. विश्वकर्मा को महासमुन्द, श्री सुब्रत साहू को बीजापुर, श्री डी.के. श्रीवास्तव को राजनांदगांव, श्री विकास शील को धमतरी और श्री गणेश शंकर मिश्रा को कबीरधाम (कवर्धा) जिले के प्रभारी सचिव का दायित्व दिया गया है ।
क्रमांक-2450/स्वराज्य/भारती

