पंचायत मंत्री ने किया बांस कुटीरों का लोकार्पण
मां महामाया ऑक्सीजन पार्क भी लोकार्पित
रायपुर 02 जून 2011
पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री श्री राम विचार नेताम ने कल सरगुजा जिले के मुख्यालय अम्बिकापुर स्थित संजय वन वाटिका में बांस कुटीर, ऑक्सीजन पार्क और कैनोपी वॉक टे्रल का लोकार्पण किया। उन्होंने अपने प्रवास के दौरान वहां सरगुजावासियों की आराध्य देवी मां महामाया के मंदिर के नजदीक ऑक्सीजन पार्क का भी लोकार्पण किया। इस ऑक्सीजन पार्क का नामकरण मां महामाया के नाम पर किया गया है। इसे वहां पहाड़ी पर विकसित किया जा रहा है। बांस कुटीर के संचालन की जिम्मेदारी वन विभाग द्वारा शंकरघाट वन प्रबंध समिति को सौंपे जाने पर श्री नेताम ने प्रसन्नता व्यक्त की और इसे एक अच्छा निर्णय बताया। उन्होंने समिति को बांस कुटीर संचालन के लिए वन विभाग की ओर से परस्पर सहमति पत्र भी प्रदान किया। श्री नेताम ने बांस कुटीर और ऑक्सीजन पार्क की परियोजनाओं को पर्यावरण और पर्यटन की दृष्टि से काफी उपयोगी बताते हुए अपनी शुभकामनाएं दी।
उल्लेखनीय है कि इन बांस कुटीरों को शैक्षणिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों हेतु किराये पर लिया जा सकता है। एक कुटीर हेतु एक व्यक्ति के लिए एक दिन का किराया 500 रूपए, दो व्यक्तियों के लिए 700 रूपए और एक परिवार के लिए एक हजार रूपये निर्धारित किया गया है। इन कुटीरों को किराये पर लेने वाला व्यक्ति वाच टावर एवं घास के मैदानों का नि:शुल्क उपयोग कर सकता है। कैनोपी वाक ट्रेल लगभग 5 मीटर ऊंचा एवं 360 मीटर लम्बा निर्मित है। टे्रल में भ्रमण हेतु प्रति व्यक्ति 5 रूपए किराया निर्धारित किया गया है। इसमें अधिकतम 10 व्यक्ति एक साथ भ्रमण कर सकते हैं। लोकार्पण कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प बोर्ड के अध्यक्ष श्री अनिल सिंह मेजर तथा नगर पालिक निगम अम्बिकापुर के महापौर श्री प्रबोध मिंज ने भी संबोधित किया। ऑक्सीजन पार्क के लोकार्पण अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सरगुजा श्रीमती पुष्पा नेताम, भारत स्काउट एवं गाईड के जिला संघ अध्यक्ष श्री अनुराग सिंहदेव, पूर्व विधायक श्री कमलभान सिंह, वन स्थायी समिति के अध्यक्ष श्री अनिल जायसवाल और पार्षद श्रीमती कमला वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में पर्यटक उपस्थित थे।

