नगरीय निकाय चुनाव : सारंगढ़ नगर पंचायत में आम चुनाव और छह नगरीय निकायों में उप चुनाव के लिए मतदान आज
राज्य शासन द्वारा निर्वाचन क्षेत्रों में सामान्य आवकाश घोषित
श्रमिकों को भी मतदान के लिए मिलेगी छूट
रायपुर, 18 जुलाई 2011
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नगर पंचायत सारंगढ़ के आम चुनाव और छह अन्य नगरीय निकायों के उप चुनाव के लिए मंगलवार 19 जुलाई को मतदान होगा। नगर पंचायत चारामा और नगर पंचायत नारायणपुर के उप चुनाव के लिए मतदान का समय प्रात: 8 बजे से शाम चार बजे तक और शेष नगरीय निकायों के लिए मतदान का समय प्रात: 8 बजे से शाम पांच बजे तक होगा। मतों की गणना और चुनाव परिणाम की घोषणा 22 जुलाई को की जाएगी। मतदान में अध्यक्ष एक पद के लिए दो उम्मीदवार और पार्षद के आठ पदों के लिए 65 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। यहां 27 मतदान केन्द्रों पर 18 हजार 965 मतदाता अपने मताधिकार को उपयोग करेंगे। मतदान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। मतदान दल चुनाव सामग्री के साथ मतदान केन्द्र के लिए रवाना हो चुके है। निर्वाचन प्रक्रिया पर निगरानी रखने के लिए निर्वाचन प्रेक्षक भी नियुक्त किए गए है।
राज्य शासन द्वारा नगरीय निकायों के आम और उप निर्वाचन के लिए संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में मंगलवार 19 जुलाई को मतदान के लिए सामान्य अवकाश घोषित किया है। निर्वाचन क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों को भी मतदान में हिस्सा लेने के लिए छूट दी जाएगी। इस सबंध में राज्य शासन के श्रम विभाग द्वारा कारखाना अधिनियम 1948 और छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना अधिनियम 1958 के तहत संबंधित क्षेत्रों में आने वाले कारखानों और स्थापनाओं में कार्य कर रहे श्रमिकों और कर्मचारियों को उक्त निर्वाचन में मतदान के लिए अवकाश घोषित किया गया है। श्रम विभाग ने ऐसे कारखाने जो सप्ताह में सात दिन कार्य करते है वहां प्रथम और द्वितीय पाली के श्रमिकों को मतदान के लिए दिन में दो-दो घण्टे का अवकाश देने तथा जो कारखाने निरंतर प्रक्रिया के तहत आते है वहां काम करने वाले श्रमिकों को बारी-बारी से मतदान की सुविधा प्रदान करने के निर्देश दिए गए है।
राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के नगर पंचायत सारंगढ़ में अध्यक्ष सहित 15 वार्ड पार्षद के रिक्त पदों के लिए आम निर्वाचन होना है। यहां अध्यक्ष पद के लिए दो उम्मीदवार और 15 पार्षद के पदों के लिए 42 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। इसके साथ ही उप चुनाव हेतु जांजगीर-चांपा जिले के नगर पंचायत नयाबाराद्वार के रिक्त वार्ड क्रमांक-7 में पार्षद के एक पद के लिए तीन और नगर पंचायत राहौद के वार्ड क्रमांक-15 में पार्षद पद के लिए तीन, नगरपालिक निगम कोरबा के रिक्त वार्ड क्रमांक-4 में पार्षद के पद के लिए तीन, दुर्ग जिले की नगर पालिका परिषद कुम्हारी के वार्ड क्रमांक-3 में पार्षद के रिक्त पद के लिए चार उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। वहीं कबीरधाम जिले के नगर पंचायत सहसपुर लोहारा के वार्ड क्रमांक-11 में पार्षद के रिक्त पद के लिए पांच, उत्तर बस्तर (कांकेर) जिले के नगर पंचायत चारामा के वार्ड क्रमांक-4 में पार्षद के रिक्त पद के लिए तीन और नारायणपुर जिले के नगर पंचायत नारायणपुर के वार्ड क्रमांक-1 में पार्षद के रिक्त पद के लिए दो उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। नगरीय निकायों के निर्वाचन में मतदाताओं की संख्या 18 हजार 965 है, जिसमें 9 हजार 654 पुरूष मतदाता और 9 हजार 311 महिला मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन दलीय आधार पर होंगे।

